Homeखेल ,
भारत दूसरे टेस्ट मैच में मुश्किल में

सेंचुरियन। à¤­à¤¾à¤°à¤¤ मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में मुश्किल में घिर गया। 287 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने चौथे दिन की समाप्ति तक दूसरी पारी में 23 ओवरों में 3 विकेट पर 35 रन बना लिए थे। चेतेश्वर पुजारा 11 और पार्थिव पटेल 5 रन बनाकर क्रीज पर हैं। मेहमान टीम को अभी जीत के लिए अंतिम दिन 252 रन और बनाने हैं जबकि उसके 7 विकेट शेष हैं। इसके पूर्व द. अफ्रीका ने दूसरी पारी में 258 रन बनाए थे।

भारत की दूसरी पारी में शुरुआत अच्छी नहीं रही और मुरली विजय मात्र 9 रन बनाकर कगिसो रबाडा की गेंद को स्टंप्स पर खेल बैठे। भारत अभी इस सदमे से उबरा भी नहीं था और स्कोर 16 तक ही पहुंचा था कि लुंगी नजीडी ने केएल राहुल (4) को बैकवर्ड पाइंट पर केशव महाराज के हाथों झिलवाया। टीम को कप्तान विराट कोहली से बहुत उम्मीदें थी, लेकिन वे 5 रन बनाकर लुंगी नजीडी की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए।

द. अफ्रीका ने चौथे दिन सुबह 90/2 से आगे खेलना शुरू किया। अभी स्कोर 144 तक ही पहुंचा था कि शमी ने एबी डीविलियर्स को विकेटकीपर पार्थिव पटेल के हाथों झिलवाया। डीविलियर्स ने 10 चौकों की मदद से 80 रन बनाए। शमी ने मेजबान टीम को एक और झटका दिया जब उन्होंने एल्गर को राहुल के हाथों झिलवाया। राहुल 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद डी कॉक भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक पाए और 12 रन बनाकर शमी के शिकार बने।

इसके बाद ईशांत शर्मा ने मेजबान टीम को अगले दो झटके दिए। उन्होंने ‍वर्नोन फिलेंडर (26) को विजय के हाथों झिलवाया। इसके बाद केशव महाराज तो मात्र 6 रन बनाकर उनके शिकार बने। रबाडा 4 रन बनाकर शमी की गेंद पर दूसरी स्लिप में विराट कोहली को कैच दे बैठे। प्लेसिस ने एक छोर थामे रखा था लेकिन उनका संयम भी जवाब दे गया और वे जसप्रीत बुमराह की गेंद पर उन्हें रिटर्न कैच दे बैठे। प्लेसिस ने 141 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 48 रन बनाए।

अश्विन ने लुंगी नजीडी (1) को विजय के हाथों झिलवाया और द. अफ्रीका की पारी 258 पर समाप्त हुई। मो. शमी ने 49 रनों पर 4 और बुमराह ने 70 रनों पर 3 विकेट लिए। ईशांत ने 2 शिकार किए।

Share This News :