Home > अपना शहर ,
श्री पवैया ने किया बिरलानगर अस्पताल में शहर की पहली एनबीएसयू का लोकार्पण विधायक निधि से यूनिट के विस्तार के लिये दो लाख रूपए देने की घोषणा

जिनकी सामर्थ्य प्राइवेट नर्सिंग होम में इलाज कराने की नहीं हैं, उनको बेहतर स्वास्थ्य सेवायें मुहैया कराना सरकार की जिम्मेदारी है। ऐसे ही जरूरतमंदों के लिये प्रदेश सरकार ने बिरलानगर अस्पताल में स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी सौगात दी है। उक्त आशय के विचार उच्च शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने शुक्रवार को बिरलानगर प्रसूति गृह में न्यू बोर्न स्टेबलाइजेशन यूनिट (नवजात शिशु स्थरीकरण इकाई) के लोकार्पण अवसर पर व्यक्त किए। यह यूनिट ग्वालियर शहर के सरकारी अस्पतालों में पहली यूनिट है। श्री पवैया ने इस यूनिट के विस्तार के लिए अपनी विधायक निधि से दो लाख रूपए देने की घोषणा भी इस मौके पर की।

      उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने कहा कि बिरलानगर में आज से शुरू हुई  एनबीएसयू में नवजात शिशुओं का जीवन बचाने के लिये फिलहाल दो बार्मर सहित अन्य उपकरण उपलब्ध हैं। विधायक निधि से यहाँ दो अतिरिक्त वार्मर तथा उपकरण मुहैया कराए जायेंगे। उन्होंने कहा कि नाजुक हालत में पैदा हुए शिशुओं के लिये यह यूनिट जीवनदायी साबित होगी। मालूम हो शहर के सरकारी अस्पतालों में एसएनसीयू तो हैं मगर एनबीएसयू पहली बार शहर के किसी अस्पताल में शुरू की गई है।

      श्री पवैया ने इस अवसर पर यह भी कहा कि ग्वालियर – हजीरा क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में जल्द ही नए आयाम जुड़ेंगे। उन्होंने कहा जिला चिकित्सालय हजीरा जल्द ही 100 बिस्तर का हो जायेगा। यह अस्पताल तीन मंजिला होगा। इसके निर्माण के लिये लगभग 7 करोड़ रूपए का एस्टीमेट तैयार किया गया है। उन्होंने कहा पिछले बजट सत्र के दौरान तत्कालीन लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने विधानसभा में सिविल हॉस्पिटल हजीरा को 100 बिस्तर का करने का आश्वासन दिया था।

उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि लधेड़ी अस्पताल में भी अगले 10 दिन के भीतर प्रसूति सेवायें शुरू हो जायेंगी। श्री पवैया ने जानकारी दी कि सिविल अस्पताल में अब रविवार को छोड़कर सप्ताह के सभी दिनों में अल्ट्रासाउण्ड की सुविधा मुहैया करा दी गई है। साथ ही एक अतिरिक्त एमडी चिकित्सक की तैनाती भी कराई गई है। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल, बिरलानगर प्रसूति गृह और लधेड़ी अस्पताल में पदस्थ चिकित्सकों व पैरामेडीकल स्टाफ को अब यहाँ से किसी भी अस्पताल में संलग्न नहीं किया जायेगा। इस आशय के स्पष्ट दिशा-निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन को दिए गए हैं। श्री पवैया ने कहा बीपीएल परिवारों की तरह प्रदेश सरकार ने जेसीमिल श्रमिक परिवारों की बिजली‍ बिल माफी और एक रूपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से राशन मुहैया कराया है।

आरंभ में श्री पवैया ने फीता काटकर एवं विधिविधान से पूजन कर न्यू बोर्न स्टेबलाइजेशन यूनिट का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में डॉ. हरिमोहन पुरोहित सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच एस जादौन व सिविल सर्जन डॉ. डी डी शर्मा, बिरलानगर अस्पताल के प्रभारी डॉ. अनिल सक्सेना तथा क्षेत्रीय नागरिकगण मौजूद थे।

        

Share This News :