Home > अपना शहर ,
नगर निगम लोक लेखा समिति अध्यक्ष का चुनाव आज

ग्वालियर। नगर निगम की लोक लेखा समिति का निर्वाचन गुरुवार को दोपहर तीन बजे जलविहार स्थित एमआईसी सभागार में होगा। समिति के सात सदस्यों में से 5 भाजपा के हैं,इसलिए अध्यक्ष भाजपा का ही होना तय है। जानकारों के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए वार्ड 40 के पार्षद धर्मेन्द्र कुशवाह का नाम सबसे ऊपर है।

नगर निगम की लोक लेखा समिति के चुनाव नई परिषद के गठन के साथ ही जनवरी 2015 में हो जाने चाहिए थे,लेकिन लेटलतीफी का दौर ऐसा हावी रहा कि चुनाव 15 जुलाई 2016 को हो पाए थे। इन चुनावों में भाजपा की ओर से धर्मेन्द्र कुशवाह, सीमा राठौर, सपना नरवरिया, अनीता शर्मा, अनुसुइया सिंह, कांगे्रस की ओर से तबस्सुम बेग, निर्दलीय पार्षदों की ओर से बृजेश गुप्ता को चुना गया था।

लंबे समय से हो रही थी मांग

लोकलेखा समिति के डेढ़ वर्ष की देरदराजी से हुए चुनाव के बाद अध्यक्ष के चुनाव भी अब तक अधर में लटके हुए थे। लोक लेखा समिति का अध्यक्ष बनने को इच्छुक सदस्य कई बार इसे लेकर दबी जुवान से मांग भी करते रहे। अब जाकर पार्टी और महापौर ने इसके अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा कराई है।

एक घंटे पहले बुलाया सभी को

जानकारी के अनुसार भाजपा ने अपने पांचों सदस्यों को चुनाव के लिए निर्धारित समय दोपहर 3 बजे से एक घंटे पूर्व जलविहार बुलाया है। यहां एक औपचारिक बैठक होगी। बैठक में अधिकृत रूप से तय किया जाएगा कि अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कौन भरेगा। सूत्रों के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए धर्मेन्द्र कुशवाह का नाम लगभग तय है। भाजपा ने पहले ही इस समिति के लिए ऐसे नाम तय किए थे,जिनके जीतने के बाद अध्यक्ष पद को लेकर बवाल न हो। विद्रोही तेवर वाले पार्षद बलवीर सिंह तोमर को समिति में सदस्य ही नहीं बनने दिया था।

यह काम है समिति का

लोक लेखा समिति को निगम में होने वाले हर काम की वित्तीय रिपोर्ट को देखने संवीक्षा करने और आपत्ति लगाने का अधिकार है। यही कारण है कि इसमें अध्यक्ष उसे रखा जाता है,जिसे लेकर पार्टी पूरी तरह आश्वस्त हो।

Share This News :