Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
विकास का मॉडल बनेगा मुंगावली : चौहान

ग्वालियर । अशोकनगर जिले के मुंगावली क्षेत्र को विकास का मॉडल बनाया जायेगा। मुंगावली क्षेत्र में विकास योजनाओं का सुनियोजित क्रियान्वयन कर इसे आदर्श क्षेत्र का रूप दिया जायेगा। उक्त आशय के विचार मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने व्यक्त किए। चौहान मंगलवार को संभाग के अशोकनगर जिले के विकासखण्‍ड मुंगावली के अंतर्गत पिपरई में विकास यात्रा के तहत आयोजित हुए हितग्राही सम्‍मेलन सह प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद जन समूह को बतौर मुख्‍य अतिथि संबोधित कर रहे थे। 
मुख्‍यमंत्री चौहान ने अपार जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पिपरई में अनेकों सौगातें लेकर आया हूँ। साथ ही नगर पंचायत स्‍वीकृति अध्‍यादेश, 03 शासकीय महाविद्यालयों पिपरई, सहराई एवं शाढौरा के शासकीय महाविद्यालयों के अध्‍यादेश लेकर आया हूँ। उन्‍होंने कहा कि तीनों नवीन शासकीय महाविद्यालय आगामी शिक्षण सत्र वर्ष 2018-19 में प्रारंभ हो जायेगें। इन महाविद्यालयों में कला और विज्ञान के विषय की कक्षाएं प्रारंभ होगी। उन्‍होंने कहा कि गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले बच्‍चों को कॉलेज की पढाई नि:शुल्‍क कराई जायेगी। मुख्‍यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्‍साहन अंतर्गत कक्षा 12वीं में 70 प्रतिशत अंक प्राप्‍त करने वाले छात्र छात्राओं को उच्‍च स्‍तरीय पढाई हेतु कॉलेजों की फीस सरकार भरेगी। उन्‍होंने कहा कि बच्‍चों की क्षमता, प्रतिभा, लगन एवं योग्‍यता को आगे बढायेगें और उनके सपनों को अधूरा नही रहने देगें। उन्‍होंने कहा कि बच्‍चें आगे बढेगें तो मध्‍यप्रदेश आगे बढेगा। 
मुख्‍यमंत्री ने कहा कि जनता की सेवा एवं विकास की चिंता करना हमारा परम कर्तव्‍य है। जनता की खुशहाली में हमारी खुशहाली है। प्रदेश सरकार विकास के लिए हमेशा तत्‍पर होकर कार्य कर रही है। समाज के हर वर्ग का कल्‍याण ही मध्‍यप्रदेश की विकास यात्रा है। उन्‍होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की भलाई के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे है। किसानों को कृषि के लिए बिना ब्‍याज का ऋण दिया जा रहा है। उन्‍होंने बताया कि सरकार शीघ्र ही नई समाधान योजना लागू करने जा रही है, जिसमें जीरो प्रतिशत पर कर्ज उपलब्‍ध कराया जायेगा और ऐसे कृषक जो डिफाल्‍टर हो गये है उनका चक्रवृद्धि ब्‍याज एंव मूल ब्‍याज माफ कराया जायेगा। उन्‍होंने कहा कि भावांतर भुगतान योजना के तहत आगामी चने की फसल के दामों में गिरावट आती है तो भावांतर के अंतर की राशि किसानों के खातों में भेजी जायेगी। उन्‍होंने मुख्‍यमंत्री युवा कृषक कल्‍याण योजना के तहत जिन कृषकों के बच्‍चों से आव्‍हान किया कि वे 10 लाख से लेकर 02 करोड़ तक ऋण लेकर कृषि आधारित उद्योग लगा सकते है। ऋण हेतु बैंक गारंटी मध्‍यप्रदेश सरकार लेगी।
मुख्‍यमंत्री चौहान ने कहा कि गरीबों के कल्‍याण के लिए गरीब कल्‍याण ऐजेण्‍डा बनाया गया है। उन्‍होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्‍येक गरीब परिवार को जमीन के पट्टे देकर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जायेगा। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास मिशन के तहत 01 लाख 20 हजार रूपये की राशि आवास बनवाने तथा 12 हजार रूपये की राशि शौचालय निर्माण के लिए शासन द्वारा उपलब्‍ध कराई जा रही है। साथ ही मजदूरी करने पर मनरेगा के तहत मजदूरी की राशि दी जायेगी। उन्‍होंने कहा कि रेत का सस्‍ती करने तथा स्‍थानीय लोगों को रोजगार उपलब्‍ध कराने के उदे्श्‍य से रेत विक्रय के अधिकार ग्राम पंचायतों को दिए गए है। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्‍जवला योजना के तहत महिलाओं को गैस कनेक्‍शन लगातार उपलब्‍ध कराये जा रहे है। 
उन्‍होंने बिजली बिल के संबंध में कहा कि गरीबों को राहत देना सरकार का काम है और जनता की सरकार में फैसला किया जाता है बिजली के बिलों के लिए निश्चित दर तय की जाकर उसके हिसाब से राशि ली जायेगी। उन्‍होंने महिलाओं एवं बेटियों के संबं‍ध में कहा कि बेटियों के साथ दुराचार करने वाले नर पिशाचों को फांसी की सजा दिलाये जाने के लिए विधेयक पारित कर राष्‍ट्रपति जी को स्‍वीकृति हेतु भेजा गया है। उन्‍होंने कहा कि अध्‍यापक संवर्ग में महिलाओं को 50 प्रतिशत तथा पुलिस भर्ती में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया जायेगा। 
 
मुख्‍यमंत्री ने की घोषणाएं
क्षेत्र के विकास के लिए प्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज‍सिंह चौहान ने अनेकों विकास की घोषणाएं की। उन्‍होंने पिपरई को नगर पंचायत बनाये जाने संबंधी अध्‍यादेश एवं तीन नवीन शासकीय महाविद्यालय पिपरई, सेहराई एवं शाढौरा में खोले जाने संबंधी अध्‍यादेश की प्रति लाकर क्षेत्रवासियों को सौगात दी। 
उन्‍होंने पिपरई में खारे पानी की दिक्‍कत से निजात दिलाने के लिए 04 करोड़ 02 लाख 14 हजार रूपये की शुद्ध पेयजल हेतु नल जल योजना की स्‍वीकृति, पिपरई में सांस्‍कृतिक भवन की स्‍वीकृति, चंदेरी एवं मुंगावली में रानी अवंति बाई की प्रतिमा लगाये जाने की स्‍वीकृति, करीला माता मंदिर के भव्‍य निर्माण एवं विकास कार्यो के लिए 05 करोड रूपये की राशि स्‍वीकृत, राजघाट परियोजना अंतर्गत 55 गांव को लिफ्ट ऐरिकेशन का लाभ दिलाये जाने तथा पिपरई के उस पार सहराई के ग्रामों के लिए पानी पहुचाने की व्‍यवस्‍था कराये जाने की स्‍वीकृति दी। 
 
7 कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्‍यास

मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा पिपरई क्षेत्र के लिए 7 कार्यो लागत रूपये 862.49 लाख का लोकार्पण तथा 07 कार्यो लागत रूपये 1500.03 लाख की राशि के कार्यो का शिलान्‍यास कर विकास की सौगातें दी। इस दौरान सभा स्‍थल पर एकत्रित विशाल समुदाय से रूबरू होकर उनकी समस्‍याएं सुनी तथा लोगों से प्राप्‍त आवेदन लिए। उन्‍होंने कहा कि प्रत्‍येक आवेदन का निराकरण कराया जायेगा। कार्यक्रम में म.प्र.शासन के गृह एवं परिवहन मंत्री भूपेन्‍द्र सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री जयभान सिंह पवैया, लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह, विधायक अशोकनगर गोपीलाल जाटव, जिला पंचायत अध्‍यक्ष बाईसाहब यादव, कलेक्‍टर बी.एस. जामोद, पुलिस अधीक्षक डी.एस. भदौरिया, मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरेश कुमार, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बडी संख्‍या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। 

Share This News :