Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
आचार संहिता के दायरे से बाहर नहीं मंत्री-विधायक : परशुराम

भोपाल। à¤•ोई मंत्री हो या विधायक, आप विनम्रता के साथ उन्हें आचार संहिता संबंधी निर्देशों की जानकारी दें। आचार संहिता के दायरे से कोई भी बाहर नहीं है। कोई भी हो इसका उल्लंघन बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह बात राज्य निर्वाचन आयुक्त आर परशुराम ने 24 निकायों के प्रस्तावित चुनाव के मद्देनजर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों की बैठक में कही। बताया जा रहा है कि चुनाव जनवरी में होंगे।

बैठक में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों से राज्य निर्वाचन आयुक्त ने चुनावी तैयारियों का ब्योरा लिया। उन्होंने कहा कि छोटे से छोटा चुनाव भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जितने लोकसभा और विधानसभा के होते हैं। इन्हें कमतर नहीं आंकें। आचार संहिता का पालन कड़ाई से होना चाहिए। इसका उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आचार संहिता केंद्रीय कर्मचारियों पर भी लागू होगी। क्रिटिकल श्रेणी के मतदान केंद्रों की वीडियोग्राफी करवाई जाए। बूथ लेवल ऑफिसरों के जरिए मतदाताओं को मतदाता पर्ची बंटवाई जाए। चुनावी सभा के लिए सभी दलों को समान रूप से अनुमतियां दी जाएं। इसके पहले पर्यवेक्षकों की बैठक हुई।

इसमें बताया गया कि कुछ जिला प्रशासन निकाय चुनावों को गंभीरता से नहीं लेते हैं। इस पर निर्र्वाचन आयुक्त ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश हैं कि स्थानीय निर्वाचन भी उसी तरह अहम हैं, जैसे बाकी चुनाव। बैठक में इस बात के संकेत दिए गए कि जनवरी में चुनाव कराए जा सकते हैें। बैठक में आयोग की सचिव, उप सचिव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

..तो अगले चुनाव से सिर्फ ऑनलाइन नामांकन

बैठक में बताया गया कि नामांकन की ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की गई है। पिछले चुनाव में इसका भरपूर इस्तेमाल हुआ। जनवरी में प्रस्तावित निकाय चुनाव में भी यह सुविधा रहेगी। यदि नतीजे बेहतर आए तो फिर अगले चुनाव से सिर्फ ऑनलाइन नामांकन की ही व्यवस्था रखी जाएगी। अभी ऑनलाइन और ऑफलाइन नामांकन जमा हो रहे हैें।

यहां होने हैं चुनाव

धार के 9, बड़वानी के 7, खंडवा, गुना, शिवपुरी, अनूपपुर में एक-एक नगरीय निकाय में आम निर्वाचन प्रस्तावित है। वहीं, भिंड की अकोड़ा, देवास की करनावद और राजगढ़ की खिलचीपुर नगर परिषद में अध्यक्ष को पद से वापस बुलाने के लिए मतदान होना है। रीवा की सेमरिया नगर परिषद में अध्यक्ष पद का उप निर्वाचन भी प्रस्तावित है।

Share This News :