Home > अपना शहर ,
मेले की गरिमा और भव्यता का ध्यान रखने पर जोर

ग्वालियर । ग्वालियर व्यापार मेला एक एतिहासिक मेला है, जिसकी ख्याति पूरे देश में है। इसलिये मेले की गरिमा और भव्यता को ध्यान में रखकर मेले की व्यवस्थायें सुनिश्चित करें। सम्पूर्ण मेला परिसर की साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था करें। साथ ही मेले को पॉलीथिन मुक्त बनाने के प्रयास करें। इस आशय के निर्देश नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह तथा उच्च शिक्षा मंत्री  à¤œà¤¯à¤­à¤¾à¤¨ सिंह पवैया ने ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के संचालक मण्डल की बैठक में मेला सचिव को दिए। मंत्री द्वय ने कहा कि मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम उच्चकोटि के हों और इनका व्यापक प्रचार-प्रसार भी करें, जिससे शहरवासी इन कार्यक्रमों का आनंद ले सकें। 
शुक्रवार को मेला स्थित प्रशासनिक भवन के सभागार में आयोजित हुई संचालक मण्डल की बैठक में संभागीय कमिश्नर एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष बी एम शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार, कलेक्टर राहुल जैन, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा, राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. लवली शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी व मेला सचिव शैलेन्द्र मिश्रा सहित संचालक मण्डल के अन्य सदस्यगण तथा संबंधित अधिकारी मौजूद थे। नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि मेला अवधि के अलावा मेला परिसर में वर्ष भर गतिविधियाँ आयोजित करें। गतिविधियाँ ऐसी हों, जिसमें जन-मानस की रू‍चि हो और वे इनकी ओर आकर्षित हो सकें। साथ ही मेले की आमदनी भी बढ़े। 
उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि मेले की छत्रियों पर शहीदों व महापुरूषों के चित्र प्रदर्शित करें और इन्हीं के नाम से छत्रियों का नामकरण करें। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर अतिरिक्त महिला पुलिस बल तैयार करने के लिये भी कहा। पवैया ने सैलानियों और दुकानदारों की शिकायतों का निराकरण करने के लिये डिप्टी कलेक्टर स्तर के एक अधिकारी को जवाबदेही सौंपने के भी निर्देश दिए। साथ ही कहा कि मेले में हाथ ठेला व फुटपाथ से दुकान चलाने वाले छोटे कारोबारियों के लिये अलग से स्थान निर्धारित करें, जिससे वे अपना व्यवसाय भी ढंग से कर सकें। साथ ही सैलानियों को भी अपनी जरूरत की चीजें मिल सकें। 
 
किराए पर दुकान देने वालों की खैर नहीं, हर दुकान का होगा सत्यापन 
संभागीय कमिश्नर एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष बी एम शर्मा ने बैठक में जानकारी दी कि मेले में लगने वाली हर दुकान का भौतिक सत्यापन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जिन दुकानदारों ने अपने नाम से आवंटित दुकान को ऊँचे दामों पर किसी दूसरे व्यवसायी को किराए पर दिया है, उनका आवंटन निरस्त कर उन्हें ब्लैक लिस्टेड किया जायेगा। आगे से उन्हें दुकान आवंटित नहीं होगी। साथ ही जिन दुकानदारों ने इस साल दुकानें लगाई हैं, उनका नाम दुकान आवंटन सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जायेगी। 
मंत्री द्वय ने मेला सचिव को निर्देश दिए कि हर दुकानदार का फोटोयुक्त पहचान-पत्र तैयार करें। साथ ही जिन कारोबारियों को दुकानें आवंटित हैं, उनके फोटो सहित फ्लैक्स बैनर भी मेला परिसर में लगाए जाएँ, जिससे अवैध ढंग से दुकानें किराए पर देने वालों की सोशल ऑडिट भी हो सके। मंत्री द्वय ने यह भी कहा कि जिन दुकानदारों ने इस साल दुकानें लगाई हैं, उन्हें कोई कठिनाई नहीं आना चाहिए। 
 
मेला अवधि में हर सैलानी व दुकान का रहेगा बीमा 
बैठक में जानकारी दी गई कि सम्पूर्ण मेला परिसर का बीमा कराया गया है। मेला अवधि के दौरान हर सैलानी का एक लाख रूपए का दुर्घटना बीमा रहेगा। इसी तरह हर दुकान का भी बीमा कराया गया है।

Share This News :