Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
कोलारस उपचुनाव अंचल के विकास के लिए एक स्वर्णिम अवसर: चौहान

लुकबासा: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमारसिंह चौहान ने कहा कि आज देश के 19 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी और सहयोगी दलों एनडीए की सरकारें है। गांव, गरीब, किसान और मजदूरों के लिए देश में श्री नरेन्द्र मोदी और मध्यप्रदेश में श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में जितना काम हुआ है उतना आजादी के बाद नहीं हुआ। प्रधानमंत्री आवास योजना में आवासहीन ग्रामीण को सब मिलाकर 1 लाख 38 हजार रूपए दिया जाता है, जिससे पक्का मकान पीढ़ी दर पीढ़ी के उपयोग में आयेगा। कांग्रेस एक मकान बनाने के लिए 35 हजार रूपए मंजूर करती थी। पूरी राशि तब भी हितग्राही को नहीं मिल पाती थी। पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी ने स्वीकार किया था कि दिल्ली से भेजा गया 1 रूपए में से हितग्राही को 15 पैसे मिलते है। आज एनडीए सरकार पूरी राशि हितग्राही के खाते में जमा करती है। एनडीए के साढ़े तीन वर्ष न तो भ्रष्टाचार का मामला आया और न कोई घोटाला आया। कोलारस में विकास यात्रा का समापन करते हुए श्री नंदकुमारसिंह चौहान ने कहा कि आसन्न उपचुनाव क्षेत्रीय जनता के लिए एक स्वर्णिम अवसर है और कमल को विजयी बनाकर चार वर्षों की कसर पूरी की जायेगी। थमा हुआ विकास आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस (पंजा राज) में जनता को लाल गेंहू परोसा जाता था। श्री शिवराजसिंह चैहान के नेतृत्व में प्रदेश में हितग्राहियों को 1 रूपए किलो गेंहू और चावल उपलब्ध है। भाजपा रोटी, कपड़ा और मकान देने के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस ने पांच दशकों तक देश में शासन किया। कभी किसान की सुध नहीं ली। 18 प्रतिशत ब्याज पर किसान को कर्ज देकर ऋणग्रस्त बनाया गया। श्री शिवराजसिंह चौहान ने किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर कर्ज देकर खुशहाली का मार्ग प्रशस्त किया है। मंदी के दौर में मध्यप्रदेश सरकार ने भावांतर योजना आरंभ करके किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है। भावांतर के रूप में चार हजार करोड़ रूपए किसानों के खाते में जमा होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण स्थानीय निकायों में देकर उनमें आत्मविश्वास जगाया है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को (शिक्षिकीय पद) 50 प्रतिशत आरक्षण दिया है। पुलिस में भी 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। महिलाओं को आर्थिक दृष्टि से सशक्त बनाने के लिए महिला स्वसहायता समूहों को 9 अरब रूपए की मदद दी गयी और प्रदेश में आहार पोषण का पूरा काम इन्हें सौंपा जा रहा है। इनके फेडरेशन को 5 करोड़ रूपए तक का कर्ज और भंडारण की सुविधा दिए जाने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वसहायता समूहों को छात्र छात्राओं की यूनिफार्म बनाने का काम सौंपा जा रहा है।
श्री चौहान ने कहा कि कृषकों के युवकों को स्वरोजगार उद्यमी बनाने के लिए सरकार ने खजाना खोल दिया है। भाजपा राज में हर व्यक्ति के सशक्तिकरण स्वावलंबन की राह आसान हुई है। उन्होंने गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की शानदार विजय पर जनता को बधाई देते हुए कहा कि वे आने वाले उपचुनाव में कोलारस में कमल खिलाएं और क्षेत्रीय विकास का मार्ग प्रशस्त करें।
प्रदेश शासन के वरिष्ठ मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने विकास यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता भारतीय जनता पार्टी को मौका दें जो विकास पिछले 5 वर्षो में नहीं हुआ उसे 6 माह में करके दिखायेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में अंतर नहीं है। जिला अध्यक्ष श्री सुशील रघुवंशी ने भी विकास यात्रा को संबोधित किया। इस अवसर पर किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री रणवीर सिंह रावत, पूर्व विधायक श्री ओमप्रकाश खटीक, श्री देवेन्द्र जैन, श्री नरेन्द्र बिरथरे, श्री वीरेन्द्र रघुवंशी, श्री सुरेन्द्र शर्मा सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This News :