Home > अपना शहर ,
ग्वालियर को “दिव्यांग मित्र” बनाने के लिये विशेष शिविर जारी

ग्वालियर । ग्वालियर जिले को “दिव्यांग मित्र” जिला बनाने के सिलसिले में दिव्यांग परीक्षण व एसेसमेंट शिविरों का आयोजन जारी है। मंगलवार को ग्राम पंचायत हस्तिनापुर व चीनौर तथा नगर पंचायत पिछोर में शिविर आयोजित हुए। इन बहुउद्देश्यीय जाँच शिविरों में लगभग एक हजार 87 दिव्यांगों का पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बुधवार 20 दिसम्बर को ग्वालियर स्थित फूलबाग मैदान व बिरलानगर प्रसूतिगृह परिसर में शिविर आयोजित होंगे।
बीते रोज डबरा, घाटीगाँव व भितरवार में आयोजित हुए शिविरों में लगभग 1100 दिव्यांगों का पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था। इस प्रकार अब तक लगभग 2100 दिव्यांगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें पंजीकृत किया जा चुका है। मालूम हो जिला प्रशासन द्वारा हरियाणा राज्य की रेडक्रॉस सोसाइटी, कृत्रिम अंग निर्माण के क्षेत्र में देश की विख्यात संस्था “एलिम्को”, ग्वालियर जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण तथा सामाजिक व स्वयंसेवी संस्थाओं सहित अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से यह शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविरों के माध्यम से एक ही छत के नीचे दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के उपकरण व कृत्रिम अंग प्रदान करने के लिये उनकी माप ली जा रही है। साथ ही शिक्षित दिव्यांगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत रोजगार मुहैया कराने के लिये पंजीकृत भी किया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से दिव्यांग प्रमाण-पत्र व आधारकार्ड बनाने के साथ-साथ निरामय बीमा योजना से भी दिव्यांगों को जोड़ा जा रहा है।
जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में लगाए जा रहे इन शिविरों के जरिए उन दिव्यांगों को चिन्हित किया जा रहा है, जिन्हें कृत्रिम अंग व सहायता उपकरणों की जरूरत है। इन शिविरों में कृत्रिम अंग निर्माण के क्षेत्र में विख्यात संस्था एलिम्को द्वारा दिव्यांगों को उपकरण देने के लिये उनकी माप ली जा रही है। सभी दिव्यांगों की आवश्यकता का आंकलन इन शिविरों का महत्वपूर्ण पहलू है। शिविरों के बाद फरवरी माह के दौरान जिले में विशाल कृत्रिम अंग वितरण शिविर आयोजित किया जायेगा। भारत सरकार की गाइडलाइन के तहत इस शिविर के बाद ग्वालियर जिला दिव्यांग मित्र जिला घोषित होगा।

इस अवस्था के दिव्यांग हो रहे हैं लाभान्वित
चलन संबंधी दिव्यांोगता, मांसपेशीय दुर्विकास, ठीक किया हुआ कुष्ठ, बौनापन, प्रमस्तिष्क घात, अम्ल हमले की पीड़ित, कम दृष्टि, दृष्टिहीनता, श्रवण क्षति, सुनने में कठिनाई, वाक और भाषा दिव्यांगता, बौद्धिक दिव्यांगता, विशिष्ट शिक्षण दिव्यांगता, ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिस्ऑर्डर, मानसिक रूग्णता, क्रोनिक स्त्रायविक स्थिति, बहुल काठिन्य, पार्किन्सन रोग, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया व सिकल सेल रोग ।

Share This News :