Homeखेल ,
दोहरे अंकों में नहीं पहुंचे 8 बल्लेबाज, 112 पर ढेर हुई टीम, अकेले लड़े धोनी

टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला की खूबसूरत वादियों के बीच स्थित एचपीसीए स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया 38.2 ओवर में 112 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने एक छोर संभालकर टीम इंडिया को 100 रन के पार पहुंचाया. धोनी ने सबसे ज्यादा 65 रनों की पारी खेली. सुरंगा लकमल ने श्रीलंका की तरफ से सबसे ज्यादा 4 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी.

टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम का खाता खुलने से पहले ही पहला विकेट गिर गया, जब दूसरे ही ओवर में एंजेलो मैथ्यूज ने शिखर धवन को एलबीडब्लू आउट कर पवेलियन लौटा दिया. शिखर धवन अपना खाता भी नहीं खोल पाए.

पांचवें ओवर की पहली ही गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा भी पवेलियन लौट गए, जब उन्हें सुरंगा लकमल ने विकेट के पीछे निरोशन डिकवेला के हाथों कैच करा दिया. रोहित शर्मा सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए. शिखर धवन और रोहित शर्मा दोनों को ही पहले ऑनफिल्ड अंपायर ने नॉट आउट करार दिया था. लेकिन बाद में श्रीलंकाई टीम ने डीआरएस की मदद से यह दोनों विकेट हासिल किए.

टीम इंडिया के विकेटों के गिरने का सिलसिला यहीं नहीं थमा, इसके बाद 9वें ओवर में दिनेश कार्तिक भी सुरंगा लकमल का शिकार बने. कार्तिक शून्य पर पवेलियन लौटे हैं.मनीष पांडे के रूप में टीम इंडिया को चौथा झटका लगा.

पांडे को लकमल ने एंजेलो मैथ्यूज के हाथों कैच करा कर पवेलियन भेज दिया. पांडे 2 रन बनाकर आउट हुए. पांचवें विकेट के तौर पर श्रेयस अय्यर आउट हुए जब उन्हें नुवान प्रदीप ने बोल्ड कर दिया. अय्यर 9 रन बनाकर आउट हुए. हार्दिक पंड्या (10) के रूप में टीम को छठा झटका लगा. 15.2 ओवर में नुवान की गेंद पर मैथ्यूज ने उन्हें कैच कर लिया. हार्दिक पंड्या के बाद बल्लेबाजी के लिए आए.

हार्दिक पंड्या के बाद बल्लेबाजी के लिए आए भुवनेश्वर कुमार भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक पाए और शून्य के स्कोर पर लकमल का शिकार बन गए. लकमल ने उन्हें विकेटकीपर डिकवेला के हाथों कैच करा कर टीम इंडिया को सातवां झटका दिया.

आठवां विकेट कुलदीप यादव का रहा, उन्हें अकीला धनंजय ने निरोशन डिकवेला के हाथों स्टंप आउट करा दिया. कुलदीप यादव ने 19 रन बनाए. उन्होंने एमएस धोनी के साथ मिलकर 41 रनों की पार्टनरशिप की थी.

इससे पहले श्रीलंका के कप्तान थिसारा परेरा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और टीम इंडिया को बल्लेबाजी का न्योता दिया है. श्रेयस अय्यर को वनडे डेब्यू का मौका मिला है.

Share This News :