Home > अपना शहर ,
डॉ. पापरीकर की पार्थिव देह पंच तत्व में विलीन लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम में पूरे राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

वयोवृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाजसेवी एवं राजनेता डॉ. रघुनाथ राव पापरीकर की पार्थिव देह आज पंचतत्व में विलीन हो गई। मंगलवार को यहाँ लक्ष्मीगंज स्थित महाराष्ट्रीयन समाज के मुक्तिधाम में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनकी पार्थिव देह का अंतिम संस्कार किया गया। डॉ. पापरीकर के ज्येष्ठ पुत्र ने मुखाग्नि दी।

     महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, राज्य सामान्य निर्धन वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री बालेन्दु शुक्ल, विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री श्री ध्यानेन्द्र सिंह, श्री राजेन्द्र सिंह व श्री भगवान सिंह यादव, नगर निगम सभापति श्री राकेश माहौर व पूर्व सभापति श्री बृजेन्द्र सिंह जादौन तथा श्री वेदप्रकाश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर डॉ. पापरीकर को अंतिम विदाई दी। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम लश्कर श्री विजय राज ने डॉ. पापरीकर की पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रृद्धांजलि अर्पित की। साथ ही वे डॉ. पापरीकर के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। शतायु डॉ. पापरीकर का सोमवार की रात देहावसान हो गया था।

Share This News :