Home > अपना शहर ,
खाद्य प्रयोगशाला में नमूने अमानक पाए जाने पर तीन फर्मों पर चार लाख का अर्थदण्ड

खाद्य प्रयोगशाला में कराई गई जाँच में खाद्य पदार्थों के नमूने अमानक पाए जाने पर अपर जिला दण्डाधिकारी एवं न्याय निर्णयन अधिकारी श्री शिवराज वर्मा ने तीन फर्मों पर कुल चार लाख का अर्थदण्ड अधिरोपित किया है। श्री वर्मा के न्यायालय में यह आदेश एफएसएस एक्ट की धाराओं के तहत तीनों फर्मों पर अर्थदण्ड अधिरोपित करने के पृथक-पृथक आदेश पारित किए हैं।

      प्राप्त जानकारी मुताबिक नेहा डेयरी ग्वालियर से सक्षम अधिकारियों द्वारा दही एवं घी के सेम्पल लिए गए थे। इनकी जाँच राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल में कराई गई। प्रयोगशाला में हुई जांच में ये नमूने अमानक पाए गए। अपर जिला दण्डाधिकारी श्री वर्मा ने इस फर्म के मालिक श्री होतम सिंह कुशवाह पर एक लाख रूपए का अर्थदण्ड अधिरोपित किया है।

      इसी तरह आर एस मावा भण्डार मोर बाजार फर्म के मावा से भरे एक वाहन से ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर तीन नमूने लिए गए थे। खाद्य प्रयोगशाला की जाँच में ये तीनों नमूने अमानक स्तर के पाए गए हैं। इस फर्म के संचालक प्रो. श्री अशोक सिंह नरवरिया पर दो लाख रूपए का अर्थदण्ड लगाया गया है।

      अपर जिला दण्डाधिकारी श्री शिवराज वर्मा ने पाल डेयरी बजाज खाना मुरार के संचालक प्रो. श्री सुनील पाल पर भी एक लाख रूपए का अर्थदण्ड अधिरोपित किया है। इनकी फर्म से खाद्य प्रशासन की टीम ने बटर व घी के सेम्पल लिए थे। राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल के जाँच प्रतिवेदन के अनुसार ये दोनों नमूने अमानक स्तर के पाए गए हैं। साथ ही प्रयोगशाला मैसूर की जाँच में भी बटर का नमूना अमानक स्तर का पाया गया है।

Share This News :