Home > अपना शहर ,
उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने केब की बैठक में कहा

नैतिक शिक्षा जोड़े बिना हम आत्मजीवी युवाओं की फौज नहीं खड़ी करें

पाठ्यक्रमों में भारतीय भाषाओं में पढ़ाने पर जोर देना होगा

उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने केन्द्रीय शिक्षा सलाहकार बोर्ड केब की 64वीं बैठक में आज कहा कि बगैर नैतिक शिक्षा के हम आत्मजीवी युवाओं को पैदा नहीं कर रहे? उन्होंने देश में हिन्दी और भारतीय भाषाओं में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी पाठ्यक्रम तैयार करने पर बल दिया।

केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री श्री प्रकाश जावड़ेकर की अध्यक्षता में आज विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित स्कूल शिक्षा और उच्च शिक्षा मंत्री की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पहले साक्षरता का लक्ष्य था, अब गुणवत्ता और कौशल विकास की दिशा में हम प्रयास कर रहे हैं, परंतु अब यह सोचने का वक्त है कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालय परिसरों से देश के लिये जीने वाली युवा शक्ति का निर्माण करें।

श्री पवैया ने देश के कुछ हिस्सों के शिक्षा परिसरों में भारत विरोधी नारों का जिक्र करते हुए कहा कि इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिये और नई शिक्षा नीति में मात्र परम्परागत शिक्षा ही नहीं, बल्कि रोजगारमूलक शिक्षा और राष्ट्रीय चरित्र का निर्माण करने वाली नैतिक शिक्षा को अभिन्न अंग बनाना चाहिये। उन्होंने 26 जनवरी, 2006 के समय तात्कालिक राष्ट्रपति डॉ. अबुल कलाम आजाद के राष्ट्र के नाम के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि मानव से मानव और मानव से प्रकृति के संबंध और जीवन जीने की कला तथा राष्ट्र की महान संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़े बिना शिक्षा अधूरी है।

श्री पवैया ने बैठक में अधिकारियों द्वारा सिर्फ अंग्रेजी भाषा में साहित्य बाँटने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय बैठकों में राजभाषा का उपयोग होना चाहिये, अनुवाद भले ही कर दिया जाये। उन्होंने मध्यप्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने न केवल अटल बिहारी वाजपेयी हिन्दी विश्वविद्यालय स्थापित किया, बल्कि इंजीनियरिंग की शिक्षा हिन्दी में शुरू करने की ऐतिहासिक पहल की है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे वह देश, जिन्होंने अंग्रेजी नहीं अपनायी, वह हिन्दी के पूरक बने हैं। श्री पवैया ने व्यवहारिक शिक्षा की दृष्टि से राष्ट्रीय सेवा योजना का दायरा और संसाधन बढ़ाने की बात भी कही। उन्होंने स्नातक तक सभी को एनएसएस से जोड़ने का आग्रह किया।

Share This News :