Home > अपना शहर ,
2019 तक ग्वालियर की तस्वीर बदली-बदली नजर आयेगी : माया सिंह

ग्वालियर । प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि ग्वालियर में स्मार्ट सिटी, अमृत परियोजना और नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों से 2019 तक ग्वालियर की तस्वीर बदली-बदली नजर आयेगी। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा शहरों के समग्र विकास के लिये समग्र योजना तैयार कर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। 
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने शनिवार को हरिशंकरपुरम से नीडम रोड़ तक 35 लाख रूपए की लागत से किए जा रहे डाम्बरीकरण कार्य के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में यह बात कही। कार्यक्रम में सामान्य निर्धन वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष बालेन्दु शुक्ल, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष राकेश जादौन, एमआईसी सदस्यश धर्मेन्द्र राणा, नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती वंदना सतीश यादव, वरिष्ठ पार्षद श्रीमती विनती शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और रहवासी उपस्थित थे। 
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि ग्वालियर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कोर एरिया और पिंक एरिया क्षेत्र में विकास की अनेक परियोजनायें स्वीकृत की जाकर कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इसके सार्थक परिणाम हमें आने वाले समय में परिलक्षित होने लगेंगे। ग्वालियर में अमृत परियोजना के तहत भी सम्पूर्ण शहर में पेयजल और सीवर की लाईनों का जाल बिछाया जा रहा है। इसके पूर्ण होने से शहरवासियों को पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी, वहीं सीवर की समस्या का भी मुकम्मल हल होगा। 
श्रीमती माया सिंह ने कहा कि अमृत परियोजना के तहत शहर में हरियाली हेतु भी विशेष कार्य किए जायेंगे। हरिशंकरपुरम में ही 5 उद्यानों का विकास किया जायेगा। इन उद्यानों में लोगों के लिये बेहतर सुविधायें उपलब्ध होंगीं, वहीं इनके रख-रखाव का तीन वर्ष का समय भी संबंधित ठेकेदार का ही रहेगा। इसके पश्चात यह उद्यान रहवासी संघों को सौंपे जायेंगे। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता के संबंध में अपील की कि स्वच्छता का कार्य केवल सरकार या निगम के भरोसे नहीं किया जा सकता। इसमें आम आदमी की सहभागिता आवश्यक है। 
कार्यक्रम में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष राकेश जादौन ने कहा कि सरकार द्वारा शहरों के विकास के लिये अनेक कार्य किए जा रहे हैं। केन्द्र सरकार और मध्यप्रदेश सरकार द्वारा शहरों के विकास हेतु स्मार्ट सिटी, अमृत परियोजना में पर्याप्त धनराशि भी उपलब्ध कराई है। विकास कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नगरीय विकास विभाग द्वारा ग्वालियर के चहुँमुँखी विकास हेतु विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। नगरीय विकास मंत्री नगर के हर वार्ड में विकास के कार्यों को पूर्ण कराने हेतु भरपूर सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान कर रही हैं।कार्यक्रम के प्रारंभ में क्षेत्रीय पार्षद ने अपने वार्ड से संबंधित कराए जा रहे विकास कार्यों के संबंध में जानकारी दी। 

Share This News :