Home > अपना शहर ,
जिला अस्पताल मुरार में झाडू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

ग्वालियर । नगर निगम एवं जिला प्रशासन द्वारा शहर के ऐतिहासिक एवं सार्वजनिक स्थलों को साफ सुथरा बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत रविवार को मशीनरी एवं जनसहयोग से जिला अस्पताल मुरार में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिसमें मेयर इन काउंसिल के सदस्य खेमचंद गुरवानी, अपर आयुक्त आर.के. श्रीवास्तव, रिंकेश वैश्य, एसडीएम एचबी शर्मा, सीएमएचओ, सिविल सर्जन, उपायुक्त एपीएस भदौरिया, मदाखलत अधिकारी महेन्द्र शर्मा, उत्तम कुमार जखेनिया सहित अस्पताल के चिकित्सकों, राष्ट्रीय सेवा योजना जीवाजी विष्वविद्यालय, स्माईली केयर एन्ड सोषल वेलफेयर फाउंडेशन एवं बडी संख्या में नागरिकों ने उपस्थित रहकर श्रमदान कर सफाई अभियान में सहयोग किया। 
विशेष स्वच्छता अभियान के तहत रविवार को जिला अस्पताल मुरार में चलाए गए स्वच्छता अभियान के दौरान निगम अधिकारियों एवं नागरिकों द्वारा जिला अस्पताल परिसर की सफाई की गई एवं परिसर में स्थित पार्क की भी साफ-सफाई का कार्य किया गया एवं पेडों की कटाई छटाई कराई गई। स्वच्छता अभियान के दौरान अपर आयुक्त ने जिला अस्पताल मुरार के अधिकारियों एवं चिकित्सकों व मरीजों के परिजनों से कहा कि पूरे परिसर को स्वच्छ रखने की हम सभी की जिम्मेदारी है तथा स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 में शहर के सभी अस्पताल परिसारों का भी निरीक्षण किया जाएगा, जिसके लिए अंक भी मिलेगें। अपर आयुक्त ने बताया कि निगम द्वारा शहर के सभी स्वास्थ्य संस्थानों के बीच अलग अलग वर्गों में स्वच्छता की प्रतियोगिता भी कराई जा रही है जिसमें निर्धारित प्रारुप में जानकारी जमा करने के पश्चात जिला प्रशासन के संयुक्त दल द्वारा सभी संस्थानों का निरीक्षण किया जाएगा तथा रैंकिंग प्रदान की जाएगी। जो भी संस्थान सर्वोच्च आएगा उसे पुरस्कृत किया जाएगा।
इस अवसर पर सीएमएचओ द्वारा सभी अधिकारियों व चिकित्सकों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया गया तथा निगम के अधिकारियों को भी आश्वस्त किया गया कि अस्पताल प्रबंधन स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए निगम एवं जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करेगा तथा शहर को स्वच्छता में नम्बर 1 बनाएगा। 
 
अस्पताल परिसर में गंदगी मिलने पर किया 5 हजार जुर्माना 
जिला अस्पताल मुरार में कचरा के कंटेनर होने के बाद भी कचरा बाहर इधर उधर बिखरा होने के चलते स्वच्छता अभियान के दौरान अपर आयुक्त रिंकेश वैश्य ने अस्पताल प्रबंधन पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया तथा कचरा कंटेनर में ही डालने के निर्देश दिए।

Share This News :