Home > अपना शहर ,
मंहगी बाइक का शौक और चोरी के पैसों से ऐश करने वाला आरोपी दबोचा

ग्वालियर। माधौगंज थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक इंजीनियर के छात्र को दबोचा है। इंजीनियर छात्र मंहगी बाइक खरीदने का शौकीन था और चोरी के पैसों से ऐश करता था। पुलिस पकडे छात्र से पूछताछ कर रही है। 
थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि शहर में हो रही चोरी और नकबजनी की घटनाओं को एसपी डॉ. आशीष और एडीशनल एसपी दिनेश कौशल ने गंभीरता से लिया। वहीं आरोपियों की धर पकड के निर्देश दिए। पुलिस ने एक टीम बनाई और रात में गुढा पुलिया पर पहुंच कर वाहनों की चेकिंग करना शुरू कर दी। चेकिंग में एक बिना नंबर की बाइक चालक ने पुलिस के रोकने पर बाइक नहीं रोकी और युवक गुढा बस्ती की ओर भागा। पुलिस बल ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम हनुमंत पुत्र पंजाब सिंह गुर्जर निवासी ग्राम भारस थाना आंतरी हाल निवासी सैलार की गोठ करतार होटल के पास बताया। युवक ने बताया कि वह बीई इंजीनियरिंग की पढाई नागाजी इंस्टीटयूट से कर रहा है। युवक के पास के थैले को जब पुलिस ने खोला तो उसके थैले में दो टायर लीवर, लोहे की रॉड , दो टूटे ताले, मिले इसके बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि बाइक को रात्रि में सूने मकान में मकान का ताला तोड कर चोरी करता हूं। उसने २४, अक्टूबर, २९ अक्टूबर, १७ और १० अक्टूबर को माधौगंज थाना क्षेत्र में सूने मकानों में चोरी करना स्वीकार किया। 
पुलिस ने आरोपी युवक की निशानदेही पर सोने चांदी के जेवरात भी बरामद किये। पुलिस की कार्रवाई में थाना प्रभारी विनय शर्मा, एएसआई हुजूरीलाल शर्मा, सरनाम सिंह प्रधान आरक्षक राजपाल सिंह, आरक्षक केशव, जितेन्द्र सिंह सिकरवार, सतीश तिवारी, नगर रक्षा समिति के संतोष राठौर का विशेष योगदान रहा। आरोपी युवक के पास एक एक मंहगी एव्रेजर बाइक भी बरामद की गई। 

Share This News :