Home > अपना शहर ,
स्वीप कार्यक्रम को गंभीरता से लें – डॉ. गोयल

जिला स्तरीय प्रशिक्षण में संबंधित अधिकारियों को कलेक्टर ने दिए निर्देश

मतदाता जागरूकता कार्यक्रम स्वीप (सिस्टमेटिक वोटर एज्यूकेशन एण्ड इलेक्ट्रोरल पार्टीसिपेशन) पर भारत निर्वाचन आयोग एवं राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी का विशेष जोर है। इसलिये स्वीप से जुडे सभी शासकीय सेवक मतदाताओं की भागीदारी से प्रभावी ढंग से अपने काम को अंजाम दें। यह निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. संजय गोयल ने स्वीप योजना के अंतर्गत आयोजित हुए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद शासकीय सेवकों को दिए।

      सोमवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुए प्रशिक्षण में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय व श्री शिवराज वर्मा एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आर सी मिश्रा मौजूद थे। प्रशिक्षण में खासतौर पर रोल रिवीजन के लिये स्वीप योजना में बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सभी सदस्य मसलन संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, बीएलओ सुपरवाइजर इत्यादि ने हिस्सा लिया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मिश्रा ने जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में भी 01 से 31 अक्टूबर तक मतदाता सूचियों का संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने और त्रुटि सुधार संबंधी फॉर्म भरे जा सकते हैं। जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर बीएलओ द्वारा प्रात: 10.30 बजे से अपरान्ह 5.30 बजे तक यह कार्य संपादित किया जा रहा है। साथ ही ऑनलाईन भी निर्धारित फॉर्म भरे जा सकते हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा पॉवर पॉइंट प्रजेण्टेशन के माध्यम से स्वीप प्लान के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

Share This News :