Home > अपना शहर ,
गोडसे मंदिर पर विवाद जारी, एडीएम ने दिया नोटिस

ग्वालियर। हिंदू महासभा के नाथूराम गोडसे के मंदिर पर विवाद बढ़ता जा रहा है। एडीएम शिवराज वर्मा ने इस मंदिर को अवैध बताते हुए महासभा के नेताओं से जबाव मांगा है।
उल्लेखनीय है कि 15 नवंबर को हिंदू महासभा ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रतिमा अपने दौलतगंज कार्यालय में स्थापित करके मंदिर का रूप दे दिया था।हालांकि महासभा ने पहले ग्वालियर कलेक्टर से गोडसे का मंदिर बनाने के लिए अनुमति मांगी थी। अनुमति पर कोई जबाव नहीं मिलने पर महासभा नेता जयवीर भारद्वाज ने 15 नवंबर को कार्यालय में प्रतिमा स्थापित करके पूजा कर दी।
यह मामला सामने आते ही हड़कंप की स्थिति बन गई है। कांग्रेसी मंदिर के साथ गांधी के हत्यारे गोडसे के महिमा मंडन का विरोध कर रहे हैं। इसको लेकर कांग्रेसी और हिंदू महासभा में टकराव की स्थिति भी बन रही है। इसको देखते हुए ग्वालियर के एडीएम शिवराज सिंह ने महासभा को नोटिस जारी करके मंदिर और गोडसे प्रतिमा की स्थापना पर 5 दिन के भीतर जबाव मांगा है। एडीएम ने अपने नोटिस में गोडसे की मूर्ति लगाकर कार्यालय को मंदिर बनाने की घोषणा को अवैधानिक बताया है। जिला प्रशासन की अनुमति के बगैर ऐसा करने के लिए हिंदू महासभा को 5 दिन के अंदर जवाब देना होगा। संतोषजनक जवाब नहीं आने पर प्रशासन एक पक्षीय कार्रवाई करेगा।
उधर हिंदू महासभा के नेता जयवीर भारद्वाज ने कहा, प्रशासन के नोटिस का जबाव दिया जा रहा है, लेकिन प्रशासन के पास ऐसा कोई कानूनी अधिकार नहीं है, जिसमें वह कार्यालय से मूर्ति हटाए। यदि प्रशासन ऐसा करता है तो उसका विरोध किया जाएगा। कांग्रेस के प्रवक्ता आनंद शर्मा का कहना है कि बापू के हत्यारों को महिमा मंडित करने और प्रतिमा लगाने वालों के खिलाफ यदि प्रशासन ने वैधानिक कार्रवाई नहीं की तो वे जनता के सहयोग से कड़ा कदम उठाएंगे।

Share This News :