Homeदेश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
अब एडल्ट फिल्मों की स्टार ने लगाया ट्रंप पर आरोप

अमेरिका के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप फिर आरोपों के घेरे में हैं। एक अन्य महिला ने डोनाल्ड ट्रंप पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसे होटल में उनके कमरे में आने के लिए 10,000 डॉलर देने की पेशकश की गई थी।
अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में एक माह से भी कम समय बचा है और महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर पहले से ही कमजोर स्थिति में चल रहे रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप के प्रचार अभियान पर वयस्क फिल्मों की स्टार जेसिका ड्रेक के इन आरोपों के बाद और अधिक असर पड़ने की आशंका है।
लॉस एंजिलिस में एक संवाददाता सम्मेलन में ड्रेक ने कहा कि वह करीब दस साल पहले कैलिफोर्निया के लेक ताहो में ट्रंप से मिली थीं। उसे होटल में ट्रंप के कमरे में बुलाया गया, जिसके बाद वह अपनी कुछ मित्रों के साथ वहां गईं।
42 वर्षीय ड्रेक का आरोप है कि ट्रंप ने उसे और उसकी दो अन्य मित्रों को पकड़ लिया और उनकी अनुमति के बिना उनका चुंबन लिया। इसके बाद ड्रेक को कमरे में आने के लिए 10,000 डॉलर की पेशकश की गई।
उसका आरोप है कि बाद में एक अज्ञात व्यक्ति ने ट्रंप की ओर से उसे फोन कर फिर से कमरे में आने को कहा लेकिन इस बार उसे अकेले बुलाया गया। ड्रेक ने इंकार कर दिया।
ट्रंप का साल 2005 का वीडियो लीक होने के बाद से अब तक 11 महिलाएं उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा चुकी हैं। वीडियो में ट्रंप महिलाओं के बारे में भद्दी टिप्पणियां करते देखे गए, जिसके बाद आलोचनाओं में घिरे रिपब्लिकन उम्मीदवार ने माफी मांगी थी।
इस बीच, ट्रंप के प्रचार अभियान ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि यह कहानी पूरी तरह झूठी है। रिपब्लिकन उम्मीदवार के प्रचार अभियान दल का कहना है कि न तो ट्रंप इस महिला को जानते हैं और न ही उसे जानने में उनकी पहले कभी दिलचस्पी रही है।
अभियान के अनुसार, यह उस रिपब्लिकन उम्मीदवार को बदनाम करने की क्लिंटन खेमे की सिर्फ और सिर्फ एक अन्य कोशिश है जो तीन अलग अलग रायशुमारियों में पहले स्थान पर रहे हैं।

Share This News :