Home > अपना शहर ,
तानसेन की जन्मस्थली स्वर लहरियों से गूंजी

ग्वालियर। संगीत सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट में राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय द्वारा संगीत सभा का आयोजन किया गया। सभा में विशेष रूप से गंगादास की शाला के महंत पं. रामसेवकदास उपस्थित थे। जबकि अध्यक्षता कुलपति प्रो. लवली शर्मा ने की।
विश्वविद्यालय के संगीत विभाग के विद्यार्थियों शरद जैन एवं कु. मोहित वले ने राग शुद्ध सारंग में छोटा ख्याल प्रस्तुत किया। जिसके बोल थे अब मोरी बात मान ले पियरवा। कु. अश्विनी तेलंग ने राम का गुणगान करिये भजन प्रस्तुत किया। नवनीत शर्मा ने श्याम तेरी बंसी को बनजे से काम भजन प्रस्तुत किया। ध्रुपद केन्द्र के गुरू अभिजीत सुखदाणे ने राग मुलतानी में ध्रुपद प्रस्तुत किया। विश्वविघालय के अतिरिक्त स्थानीय छात्र-छात्राओं द्वारा भी प्रस्तुतियां दी गई। बेहट की छात्रा कु. रेणुका पाल ने किशोरी कुछ ऐसा इंतजाम हो जाये भजन प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों में तबले पर संजय राठौर, हार्मोनियम पर मनोज बमरेले तथा पखवाज पर संजय पंत आगले ने संगति की। 

Share This News :