Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
13 अखाड़ों के प्रतिनिधि बोले- भस्म आरती में कपड़ा हटाएंगे

उज्जैन। à¤œà¥à¤¯à¥‹à¤¤à¤¿à¤°à¥à¤²à¤¿à¤‚ग महाकालेश्वर का क्षरण रोकने के लिए सूती कपड़ा ढंककर भस्मी चढ़ाने और आरओ जल से अभिषेक करने को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।

गुरुवार को मंदिर परिसर स्थित महानिर्वाणी अखाड़े में तेरह अखाड़ों के प्रतिनिधियों ने मामले पर मंथन किया और कहा कि भगवान को अनादिकाल से भस्मी चढ़ रही है और अनंत तक चढ़ेगी। हम तो आरओ नहीं बल्कि कोटितीर्थ कुंड का जल ही अभिषेक में उपयोग में लाएंगे। मंदिर प्रबंध समिति ने कोर्ट में क्या कहा है, यह हमें नहीं पता। संभावना जताई जा रही है कि शुक्रवार को फिर से ज्योतिर्लिंग पर बिना कपड़ा ढंके भस्मी चढ़ाई जाएगी।

महानिर्वाणी अखाड़े के महंत प्रकाशपुरीजी और स्थानीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री अवधेशपुरीजी की अगुवाई में बैठक हुई। बैठक के बाद महंत प्रकाशपुरीजी ने कहा कि हम तो धर्म परंपरा का ही पालन करेंगे। महाकाल को परंपरा अनुसार ही भस्मी अर्पित की जाएगी।

समय की बात कहां से आई?

प्रकाशपुरीजी ने कहा, हमें पता चला है कि मंदिर समिति सिर्फ 30 सेकंड तक ही भस्मी अर्पित करने की बात कह रही है। समय की बात कहां से आ गई। हम तो 5 अघोर मंत्र बोलने के साथ भस्म चढ़ाते हैं। इसमें जितना समय लगता है, उतना तो लगेगा ही।

महानिर्वाणी अखाड़े के साधु ही चढ़ा सकते हैं भस्मी

शैव परंपरा में भगवान महाकालेश्वर को तड़के 4 बजे भस्मी अर्पित की जाती रही है। मंदिर की परंपरा अनुसार महानिर्वाणी अखाड़े के साधु ही भगवान को भस्म चढ़ाते हैं। मौजूदा महंत प्रकाशपुरीजी पूर्व में भस्मी अर्पित करते थे। उनके अस्वस्थ रहने की वजह से पिछले कुछ समय से अखाड़े के गणेशदासजी यह कार्य कर रहे हैं।

8 घंटे बंद रहा आरओ वाटर प्लांट

महाकाल मंदिर में सुप्रीम कोर्ट ने आरओ जल से अभिषेक करने के निर्देश दिए थे। यह प्लांट बुधवार देर रात खराब हो गया। गुरुवार को करीब आठ घंटे तक सादे जल से भगवान का अभिषेक होता रहा। ताबड़तोड़ मंदिर समिति ने प्लांट ठीक कराया। अफसरों का कहना है कि पाइपलाइन फूट जाने से प्लांट में पानी की सप्लाई रुक गई थी।अब भगवान मंगलनाथ के क्षरण को लेकर भी चिंता जताई गई है। मंगलनाथ मंदिर प्रबंध समिति ने अभिषेक के लिए सिर्फ सवा लीटर पंचामृत की मात्रा निर्धारित कर दी है। वहीं रसायनिक कुमकुम की जगह हर्बल कुमकुम अब उपयोग में लाया जाएगा। उक्त आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। मंदिर प्रबंधक त्रिलोक विजय सक्सेना ने बताया कि भक्त अब मंगलनाथ का सवा लीटर पंचामृत से ही अभिषेक कर सकेंगे। वहीं भगवान को सिर्फ हर्बल कुमकुम, गुलाल व अष्ट गंध ही अर्पित किया जा सकेगा।

Share This News :