Home > अपना शहर ,
नगरीय विकास मंत्री ने किया पानी की टंकी निर्माण के प्रस्तावित स्थल का मुआयना

ग्वालियर । उपनगर मुरार के वार्ड क्र.-26 घासमण्डी क्षेत्र में 97 लाख रूपए की लागत से बनाए जाने वाली पानी की टंकी का स्थल निरीक्षण प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने किया। उन्होंने टंकी का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा घासमण्डी क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलिया का निर्माण शीघ्रता के साथ पूर्ण करने के निर्देश नगर निगम के अमले को दिए। उनके साथ एमआईसी के सदस्य धर्मेन्द्र राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधीक्षण यंत्री नगर निगम प्रदीप चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 
उपनगर मुरार के भ्रमण के दौरान श्रीमती माया सिंह ने अमृत परियोजना के अंतर्गत घासमण्डी क्षेत्र में 10 लाख लीटर की क्षमता वाली पानी की टंकी के निर्माण के प्रस्तावित स्थल निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों से चर्चा भी की। श्रीमती माया सिंह ने कहा कि अमृत परियोजना के मूर्तरूप लेने के बाद ग्वालियर शहर की पेयजल और सीवर समस्या का शतप्रतिशत निराकरण सुनिश्चित हो जायेगा। उन्होंने कहा कि इस टंकी का निर्माण हो जाने से घासमण्डी क्षेत्र के लगभग 14 हजार निवासियों को जलापूर्ति आसानी से हो सकेगी। इसके साथ ही श्रीमती माया सिंह ने घासमण्डी क्षेत्र में बनाई जा रही पुलिया के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य उत्तम गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएँ। स्थानीय लोग भी इसकी गुणवत्ता पर अपनी नजर रखें। 

Share This News :