Home > अपना शहर ,
योग निद्रा से देव जागे

ग्वालियर। निद्रा में सो रहे देव मंगलवार कार्तिक शुल्क एकादशी देव उत्थान ग्यारस को गन्ना से बनाए गए कुरुआ-मंडपम में पूजा अर्चना के बाद जाग गए। चूंकि सर्दी का मौसम है इसलिए भक्तों द्वारा देव के जागते ही उन्हें आग से तपाया गया। रात को सर्दी न लगे इसलिए शयन के बाद उन्हें रजाई ओढाई जाएगी। 
देव उत्थान पूजा में गन्ना का विशेष महत्व होने के कारण शहर में जगह जगह गन्ना बेचने वाले किसानों ने डेरा जमा लिया। गन्ने के दाम में कोई इजाफा नहीं है। क्वालिटी के हिसाब से 30 से 50 रुपए तक गन्ना बेचा जा रहा है। भगवान को ओढ़ाने वाली रजाइयां भी आकर्षक डिजाइनों में मिल रही हैं। मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी को देव क्षीर सागर में चार माह के लिए योग निद्रा में चले जाते हैं। कार्तिक शुक्ल एकादशी को वह जागते हैं। देव के जागने के साथ ही शुभ कार्य खासतौर से शादी ब्याह शुरू हो जाते हैं। मंगलवार को शाम ढलने के साथ ही घर-घर में देव जागने का सिलसिला शुरू हो गया।
शहर में आज लोगों ने तुलसी और सालिगराम का विवाह धूमधाम से मनाया। देवोत्थानी एकादशी के लिए बाजारों में लोगों ने पूजन सामग्री खरीदी। सिंघाड़ा, गन्ना, भगवान के वस्त्र और गुड़ की भी खरीददारी हुई। यहां बता दें कि आमतौर पर देव उठानी ग्यारस से भी शहनाइयों की गूंज शुरू हो जाती है। लेकिन इस बार गुरु अस्त होने के कारण शादी ब्याह नहीं होंगे। 7 नवंबर को गुरु के उदय हो जाने व 10 नवंबर को सूर्य के वृश्चिक राशि में प्रवेश कर जाने के बाद शादी ब्याह का सिलसिला शुरू हो सकेंगे।

Share This News :