Home > अपना शहर ,
कुलपति प्रो. राव ने किया विश्वविद्यालय की विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण

ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस. के. राव पदभार ग्रहण करने के दूसरे दिन आज कृषि विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में पहुंचे एवं वहां अधिकारियों से कामकाज की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने इस अवसर पर आगामी कार्यों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय ग्वालियर के कुलपति प्रो. एस. के. राव ने आज विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यालय में विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कुलपति प्रो. राव. को अपने विभाग के वर्तमान कार्यों की जानकारी दी एवं आगामी लक्ष्यों के बारे में भी बताया। उन्होंने कृषि महाविद्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया एवं अधिष्ठाता एवं अन्य अधिकारियों से चर्चा की।
दोपहर बाद कुलपति रेसकोर्स रोड स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र पहुंचे। यहां उन्हें निदेशक विस्तार सेवाएं एस.के. श्रीवास्तव व कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रमुख वैज्ञानिक प्रो. राज सिंह कुशवाह ने प्रक्षेत्र का भ्रमण कराया एवं केन्द्र में उगाई जा रहीं फसलों एवं उनकी विभिन्न किस्मों के बारे में जानकारी दी। कुलपति प्रो. राव ने कृषि वैज्ञानिकों को फसल के महत्व पर ध्यान केन्द्रित करने की सलाह देते हुए सुरजना की फली सहित विभिन्न फसलों के विस्तार के संबंध में दिशा निर्देश दिए। उन्होंने इस अवसर पर मशरुम उत्पादन इकाई, ग्रीन शेड नेट हाउस, केंचुआ खाद उत्पादन इकाई, कड़कनाथ मुर्गीपालन केन्द्र एवं हैचरी का भी अवलोकन कर उनकी प्रगति के बारे में जाना। 
इस अवसर पर निदेशक अनुसंधान एवं निदेशक शिक्षण डाॅ. बी. एस. बघेल, निदेशक प्रक्षेत्र डाॅ आर. एल. राजपूत, कुलसचिव डी. एल. कोरी, अधीक्षण यंत्री डाॅ. हरेन्द्र सिंह भदौरिया एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकगण उपस्थित थे।

Share This News :