Home > अपना शहर ,
अपर आयुक्त ने जनसुनवाई कर सुनी समस्याएं

ग्वालियर । अपर आयुक्त आर के श्रीवास्तव एवं रिंकेश वैश्य ने आज निगम मुख्यालय में जनसुनवाई कर आमजनों की समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन संबंधित अधिकारियों को प्रेषित किया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निगम मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान वार्ड 2 स्थित शब्दप्रताप आश्रम, पंचशील नगर के निवासियों ने आग्रह किया कि जल का अपव्यय रोकने के लिए प्रत्येक गली एवं मोहल्ले में अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा माॅनीटरिंग की जाए। जिसको लेकर संबंधित क्षेत्राधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। वहीं वार्ड 13 स्थित कोटावाला मोहल्ला के निवासियों द्वारा आग्रह किया गया कि क्षेत्र में पानी की समस्या का निराकरण कराया जाए, जिससे नियमित पानी मिल सके। इसको लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान नयाबाजार वार्ड 46 स्थित आकाश मिश्रा ने प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास उपलब्ध कराने का आग्रह किया जिसको लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। वहीं वार्ड 30 स्थित हरगोविन्दपुरम के निवासियों द्वारा पार्क विकसित करवाने एवं बाउंड्रीवाॅल का निर्माण करवाने का आग्रह किया। जिसको लेकर संबंधित अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। 
वार्ड 28 स्थित भीमनगर थाटीपुर के निवासियों द्वारा बस्ती में भूसे से प्रदूषण फैलने की शिकायत की तथा इसे बंद कराने का आग्रह किया। इसको लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। वहीं विवेकानंद नीडम के पास सिंधिया नगर में कृतिन एन्क्लेव के पास सीवर लाइन, सफाई कर्मचरी एवं स्ट्रीट लाइट की समस्या का निराकरण कराने का आग्रह क्षेत्र के निवासियों द्वारा किया गया। जिसको लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान वार्ड 14 स्थित निचला पुरा रमटा पुरा के निवासियों द्वारा अवैधानिक तरीके से हो रहे निर्माण कार्य को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया जिसको लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। वहीं वार्ड 23 स्थित सुरेश नगर के निवासी आर पी गौतम ने आॅन लाइन सम्पत्तिकर जमा न होने की शिकायत की जिस पर संबंधित अधिकारी को आॅनलाइन सम्पत्तिकर जमा कराने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान 34 आवेदकों द्वारा आवेदन प्रस्तुत कर समस्याओं के निराकरण की मांग की गई। इसके साथ ही अन्य आवेदकों की समस्या सुनकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गए।

Share This News :