Home > अपना शहर ,
किसान बेफिक्र होकर अपना अनाज बेचें, वाजिब दाम सरकार दिलायेगी : पवैया

ग्वालियर । किसान अपना पसीना बोकर फसलें उगाते हैं। सरकार का दायित्व है किसानों को उनकी फसल के वाजिब दाम दिलवाए। इसी सोच के साथ मध्यप्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक “भावान्तर भुगतान योजना” शुरू की है। यह बात उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने यहाँ दीनारपुर कृषि उपज मंडी प्रांगण में “भावान्तर भुगतान योजना” के शुभारंभ कार्यक्रम में मौजूद कृषकों को संबोधित करते हुए कही।  
मंत्री पवैया ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस योजना के माध्यम से किसानों को भरोसा दिलाया है कि वे बेफिक्र होकर मंडी में अपनी फसल बेचें। फसल के वाजिब दाम राज्य सरकार दिलायेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक भारत सिंह कुशवाह ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि eमंत्री पवैया ने भावान्तर भुगतान योजना के तहत प्रतीक स्वरूप चार किसानों को पंजीयन प्रमाण-पत्र सौंपे। कार्यक्रम में साडा अध्यक्ष राकेश सिंह जादौन, कलेक्टर राहुल जैन, देवेश शर्मा, कमल माखीजानी, शरद गौतम, विनोद सिंह जादौन, महेश उमरैया, भरत दांतरे व राकेश खुरासिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मंचासीन थे। 
उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि प्रदेशभर के किसानों की जिंदगी में आज मंगल व खुशी का दिन है। भारत की धरती पर ऐसा कोई राज्य नहीं है, जहाँ “भावान्तर भुगतान” जैसी योजना ने मूर्तरूप लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एक किसान के बेटे हैं। इसीलिये उन्होंने किसानों की पीड़ा को समझकर “भावान्तर भुगतान योजना” शुरू की है। पवैया ने इस मौके पर यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने फसल बीमा योजना के रूप में एक ऐतिहासिक योजना लागू की है, जिससे किसानों को फसल के नुकसान पर करोड़ों की राशि बांटी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की झोली में पैसे की कमी नहीं है, बस जरूरत इतनी है किसान कागजी कार्रवाई कर अपना बीमा करवा लें। 
विधायक भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि किसान की मेहनत का वास्तशविक मूल्य दिलाने के लिये मुख्यमंत्री ने भावान्तर भुगतान योजना शुरू की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार किसानों के कल्याण के लिये प्रयासरत है। सिंचाई का रकबा भी लगातार बढ़ रहा है। 
कलेक्टर राहुल जैन ने इस मौके पर जानकारी दी कि “भावान्तर भुगतान योजना” के तहत ग्वालियर जिले में 10 हजार 451 किसानों ने पंजीयन कराया है। उन्होंने कहा कि किसानों को इस योजना के तहत लाभ मिलने में कोई कठिनाई न हो, इसके लिये मंडी के लायसेंसी व्यापारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। व्यापारियों से कहा गया है कि वे विधिवत खरीदी पंजियाँ संधारित करें और पूरा हिसाब-किताब रखें। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में चलाए गए विशेष राजस्व अभियान के तहत 15 हजार फौती नामांतरण कराए गए हैं। साथ ही ऋण पुस्तिकायें भी बाटीं गई हैं। 
कलेक्टर ने कहा कि सभी किसान अपने किसान क्रेडिट कार्ड जरूर बनवायें, जिससे उनकी फसल का स्वत: ही फसल बीमा हो सके। उन्होंने किसान हित में शुरू हुई गोदाम भण्डारण अनुदान योजना की जानकारी भी दी। जैन ने कहा कि इस योजना के तहत सरकार गोदामों में फसल के भण्डारण पर किसानों को 7 रूपए प्रति क्विंटल के हिसाब से भण्डारण खर्चा देती है। 
स्वागत उदबोधन संयुक्त संचालक मंडी एस के कुम्हरे ने दिया। उपसंचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास डॉ. आनंद बड़ोनिया ने भावान्तर भुगतान योजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। अंत में मंडी सचिव गजेन्द्र सिंह तोमर ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन एस बी ओझा द्वारा किया गया। 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सागर जिले की खुरई मंडी से इस योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री द्वारा दूरदर्शन व अन्य स्थानीय टीवी चैनल और आकाशवाणी के माध्यम से प्रदेशभर के किसानों को इस अवसर पर संबोधित किया गया। मुख्यमंत्री का संदेश सुनने के लिये दीनारपुर मंडी में भी विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी। जिले की डबरा मंडी में जनसंपर्क एवं जल संसाधन मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित हुआ। ग्वालियर जिले की दीनारपुर (लश्कर), डबरा व भितरवार मंडी सहित प्रदेशभर की 257 मंडियों में “भावान्तर भुगतान योजना” के शुभारंभ के लिये सोमवार को कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Share This News :