Home > अपना शहर ,खास खबरे,
तोमर और शुक्ल ने किया टैक्सटाइल इक्यूवेशन सेंटर का शिलान्यास

ग्वालियर ।गारमेन्ट पार्क के शुभारंभ अवसर पर ही गारमेन्ट पार्क के परिसर में एक प्लॉट में न्यू आरपी स्पोर्ट्स इंडस्ट्रीज का शुभारंभ हुआ। शुभारंभ अवसर पर इंडस्ट्रीज का अवलोकन केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास एवं खनन मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं रोजगार मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने किया। इस इंडस्ट्रीज ने 50 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है। रेडीमेड गारमेन्ट पार्क में 220 प्लॉट उपलब्ध हैं, इसमें से 74 प्लॉट आवंटित किए गए हैं।
इसके पूर्व केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास एवं खनन मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं रोजगार मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने लैदर फैक्ट्री परिसर सीपी कॉलोनी मुरार में 15 करोड़ 72 लाख रूपए लागत से निर्मित होने वाले टैक्सटाइल इक्यूवेशन सेंटर का शिलान्यास किया तथा कार्ययोजना का अवलोकन किया। इस मौके पर साडा अध्यक्ष राकेश जादौन, कलेक्टर राहुल जैन, एकेव्हीएम के एमडी सतेन्द्र सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, साडा के पूर्व अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, भाजपा जिला अध्यक्ष देवेश शर्मा, महामंत्री महेश उमरैया सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद थे।

“प्लग एण्ड प्ले” की सुविधा देगा टैक्सटाइल इक्यूवेशन सेंटर
रेडीमेड गारमेंट कारोबार से जुड़े उद्यमियों के लिये ग्वालियर में अत्याधुनिक टैक्सटाइल इक्यूवेशन सेंटर बनने जा रहा है। भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय ने ग्वालियर में इस इक्यूवेशन सेंटर परियोजना की स्थापना के लिये 15 करोड़ 72 लाख रूपए की राशि स्वीकृत की है।
इक्यूवेशन सेंटर में रेडीमेड गारमेन्ट के निर्माण से जुड़े उद्यमियों को अत्याधुनिक मशीन सहित वो सभी साधन उपलब्ध कराये जायेंगे, जिनसे गारमेन्ट के उद्यमी प्रशिक्षण लेकर उच्च गुणवत्ता के गारमेन्ट तैयार कर सकें। अर्थात् यह सेंटर रेडीमेड गारमेन्ट उद्यमियों के लिये “प्लग एण्ड प्ले” की सुविधा प्रदान करेगा।
औद्योगिक अधोसंरचना विकास निगम के प्रबंध निदेशक सतेन्द्र सिंह ने बताया कि इक्यूवेशन सेंटर के निर्माण में निफ्ट (नेशनल फैशनेबल टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट) को नॉलेज पार्टनर बनाया गया है। परियोजना का भवन लगभग 1.337 हैक्टेयर क्षेत्र में मूर्त रूप लेगी। इस सेंटर के चार मंजिला भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल 6 हजार वर्गमीटर होगा। यह परियोजना फरवरी 2018 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।

Share This News :