Home > अपना शहर ,खास खबरे,
“मुख्यमंत्री भावान्तर भुगतान योजना” का शुभारंभ मंत्री पवैया करेंगे

ग्वालियर । सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिले में भी “मुख्यमंत्री भावानतर भुगतान योजना” का शुभारंभ 16 अक्टूबर को होगा। उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया के मुख्य आतिथ्य में इस दिन प्रात: 11 बजे कृषि उपज मण्डी दीनारपुर, नारायण विहार में मुख्य समारोह आयोजित होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक भारत सिंह कुशवाह करेंगे। विशेष अतिथि के रूप में महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, विधायक नारायण सिंह कुशवाह, साडा अध्यक्ष राकेश जादौन, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अभय चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष देवेश शर्मा, किसान मोर्चे के प्रदेश महामंत्री विनोद सिंह जादौन, किसान मोर्चा अध्यक्ष भरत दात्रे उपस्थित रहेंगे। इसी तरह डबरा व भितरवार मंडियों में भी प्रात: 11 बजे शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित होंगे। भावान्तर भुगतान योजना के शुभारंभ के साथ-साथ मंडी प्रांगण में किसान सम्मेलन भी आयोजित होंगे, जिनमें किसान हितैषी योजनाओं और कृषि प्रोन्नति से संबंधित जानकारी किसानों को दी जायेगी।

Share This News :