Home > अपना शहर ,
खेलों का मनुष्य के जीवन पर महत्वपूर्ण स्थान : तोमर

ग्वालियर । केन्द्रीय पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि मनुष्य के सर्वागींण विकास में खेलों का महत्वपूर्ण योगदान है। खेलों के माध्यम से एकता अनुशासन और भाईचारे की भावनाओं का विकास होता है। खिलाड़ी किसी भी क्षेत्र में जाये सफलता उसके कदम चूमती है। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने यह बात तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सब जूनियर बालक एवं बालिका कबडडी प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर कही। 
जिला पंचायत एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में बड़ागांव में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता की अध्यक्षता महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने की। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजबल उपस्थित रही। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष वीरेन्द्र जैन सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। 
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि कबड्डी के ग्रामीण परिवेश से जुड़ा हुआ खेल है। कबड्डी हमारे देश का सबसे पुराना खेल रहा है। खेलों को प्रोत्साहित करने के लिये मध्यप्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाये है। खेलों का बजट भी प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बढ़ाकर 200 करोड़ रूपये कर दिया है। प्रदेश में खेल के संसाधन बढ़ाये गये है इसके साथ ही खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु अनेक योजनायें क्रियान्वित की जा रही है। 
उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों से कहा कि प्रतियोगिता में वे अपने सर्वश्रेष्ठ खेल का प्रदर्शन करें और अपने जिले का नाम रोशन करें। खेलों में महिलाओं की प्रतिभागिता की प्रशंसा करते हुये उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ियों ने प्रदेश का ही नहीं देश का भी नाम रोशन किया है। 
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि खेलों के माध्यम से बच्चों के जीवन में अनुशासन और भाई-चारे की भावना का विकास होता है। खेल मनुष्य के जीवन का शारीरिक और मानसिक विकास करता है। खिलाड़ी अपने जीवन में हर चुनौती को स्वीकार करने की क्षमता रखता है और उसको पार करने का साहस भी अपने अंदर विकसित करता है। बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों पर भी ध्यान देना चाहिये। ग्वालियर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में आये सभी खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का खेल भावना के साथ प्रदर्शन करें। 
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला कमेटी संघ के जे.एस. परमार ने बताया कि तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में 26 टीमें भाग ले रही है जिसमें 400 खिलाड़ी और 25 कोच और रैफरी शामिल है। यहां पर आयोजित प्रतियोगिता में से राज्य स्तरीय टीम का चयन भी किया जायेगा। 

Share This News :