Home > अपना शहर ,खास खबरे,
तलघरों को कराया पार्किंग के लिए खाली

ग्वालियर । नगर निगम के मदाखलत दस्ते द्वारा आज सुगम यातायात के लिए विभिन्न स्थानों पर कार्यवाही कर अस्थाई अतिक्रमण हटाया गया तथा तलघरों में अवैध रुप से व्यवसाय कर रहे एवं व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की तथा तलघरों को पार्किंग के लिए खाली करवाया।
निगम के मदाखलत दस्ते द्वारा आज भवन अधिकारी सुरेश अहिरवार के नेतृत्व में शिन्दे की छावनी स्थित होटल हैबिटेड एवं पेन इन प्लाजा के नीचे बने तलघर को पार्किंग के लिए खाली कराया गया तथा तलघरों में रखा समाना निकलवाया गया। इसके साथ ही शिन्दे की छावनी पर अन्य तलघर के संचालकों को भी तलघर का उपयोग पार्किंग में करने की चेतावनी दी गई। इसके साथ ही महाराज बाडा क्षेत्र में सडक पर व्यवसाय कर रहे दुकानदारों को पार्किंग लाइन के पीछे करवाया गया तथा एबीरोड पर सडक पर खुदाई का कार्य कर रहे व्यक्ति के खिलाफ कार्यवाही करते हुए कार्य बंद कराया गया तथा सामान जप्त किया गया।
कार्यवाही के दौरान मदाखलत अधिकारी केशव सिंह चैहान, क्षेत्राधिकारी सुरेश शर्मा, मदाखलत निरीक्षक प्रवीण भार्गव, नितिन सोनाने सहित अन्य कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के मदाखलत अधिकारी महेन्द्र शर्मा एवं ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के मदाखलत अधिकारी उत्तम जखेनिया के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में सुगम यातायात के लिए अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान मदाखलत दस्ता एवं संबंधित क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।

Share This News :