Home > अपना शहर ,
बार्षिक नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण कराकर कीर्तिमान स्थापित करें – रजिस्ट्रार जनरल श्री ममतानी

शनिवार 12 नवम्बर 2016 को आयोजित हो रही वार्षिक नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण कराकर ग्वालियर में एक कीर्तिमान स्थापित किया जाए। यह बात मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर के रजिस्ट्रार जनरल श्री मनोहर ममतानी ने गुरूवार को नवीन उच्च न्यायालय भवन ग्वालियर स्थित मीडिएशन हॉल में नेशनल लोक अदालत की तैयारियों एवं आवश्यक विचार-विमर्श के लिये आयोजित बैठक में कही।

      बैठक में मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा के सदस्य सचिव श्री दिनेश नायक, आयुक्त ग्वालियर संभाग श्री शिवनारायण रूपला, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, पुलिस अधीक्षक श्री हरिनारायणचारी मिश्रा, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री प्रेम सिंह भदौरिया, स्टेट बार के सदस्य श्री जयप्रकाश नारायण, एडिशनल एडवोकेट जनरल श्री विशाल मिश्रा सहित अन्य न्यायाधीश, अभिभाषक एवं अधिकारीगण मौजूद थे।

      बैठक को संबोधित करते हुए म.प्र. उच्च न्यायालय जबलपुर के रजिस्ट्रार जनरल श्री मनोहर ममतानी ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार 12 नवम्बर 2016 को आयोजित होने वाली वार्षिक नेशनल लोक अदालत में आपसी समन्वय समझौतों के आधार पर अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया जाए। इसमें सभी का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि संभागीय आयुक्त, जिला एवं पुलिस प्रशासन, बीमा कंपनियाँ सभी एडवोकेट्स इस वार्षिक लोक अदालत के लिये पूरा-पूरा सहयोग करके अधिक से अधिक प्रकरणों का आपसी समझौता के आधार पर प्रकरणों का निराकरण करें। उन्होंने कहा सभी लोग (राजीनामा) योग्य प्रकरणों को छांटकर आपसी समझौते के आधार पर निराकरण करायें।

      मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव श्री दिनेश नायक ने भी आयोजित होने वाली वार्षिक नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण करने को दोहराया। उन्होंने कहा इस लोक अदालत में मोटर दुर्घटना क्लेम, भू-अधिग्रहण मुआवजा, वैवाहिक, बैंक व वसूली, चैक बाउंस, राजस्व, मनरेगा, विद्युत, सिविल मामले एवं सर्विस व सेवानिवृत्ति स्वत्व भुगतान संबंधी, रिट पिटीशन तथा छावनी क्षेत्र के विवादित कैश, समझौता योग्य आपराधिक प्रकरणों सहित अन्य राजीनामा योग्य प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करायें। उन्होंने लोक अदालत के आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया।

      बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री प्रेम सिंह भदौरिया ने न्यायदान की इस प्रक्रिया में भरपूर सहयोग दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि 12 नवम्बर को इस वृहद लोक अदालत में आपसी सामंजस से अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण करके ग्वालियर एक कीर्तिमान स्थापित करेगा।

      एडिशनल एडवोकेट जनरल श्री विशाल मिश्रा ने कहा कि सभी के मार्गदर्शन में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण की पहल की जायेगी। बैठक को स्टेट बार के सदस्य श्री जयप्रकाश मिश्रा ने भी संबोधित किया।

  

Share This News :