Home > अपना शहर ,खास खबरे,
स्वच्छता जागरुकता अभियान में समन्वय बनाकर करें कार्य: निगमायुक्त

ग्वालियर । निगमायुक्त विनोद शर्मा ने आज स्वच्छता जागरुकता अभियान के लिए संबंधित विभागाधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में नोडल अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन एवं अपर आयुक्त रिंकेश वैश्य, महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य विभाग, उच्च शिक्षा एवं स्कूली शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रदूषण विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बालभवन के टीएलसी में आयोजित स्वच्छ भारत मिशन की बैठक में निगमायुक्त विनोद शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता जागरुकता अभियान का कार्यक्रम विस्तृत प्लान बनाकर करें तथा स्वच्छता जागरुकता के लिए तीनों विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा वार स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर नियुक्ति किए जाएंगे जो कि प्रतिदिन अपने अपने क्षेत्र में स्वच्छता जागरुकता के लिए अभियान चलाएंगे तथा अपने अपने क्षेत्र में विभिन्न शासकीय एवं निजी संस्थानों में स्वच्छता का निरीक्षण कर स्वच्छता रैंकिंग प्रदान करेंगे। 
बैठक में निगमायुक्त शर्मा ने निर्देश दिए कि स्वच्छता जागरुकता अभियान के लिए नगर निगम अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगा जिसमें सभी विभागों को सहभागिता रहेगी। निगमायुक्त ने बताया कि सफाई का नियमित कार्य प्रभावित न हो इसके लिए महिला बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य विभाग, उच्च शिक्षा एवं स्कूली शिक्षा विभाग एवं प्रदूषण विभाग के अधिकारी अपने अपने विभाग के कर्मचारियों के विधानसभा वार दल बनाएं जिससे स्वच्छता जागरुकता अभियान के दौरान उक्त दल निगम के अधिकारियों एवं स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर के साथ मिलकर कार्य करें तथा आमजनों को स्वच्छता के प्रति जागरुक करने में सहयोग करें। 
निगमायुक्त शर्मा ने निर्देश दिए कि शिक्षा विभाग के अधिकारी शहर में स्थित शिक्षण संस्थानों में साफ सफाई व्यवस्था की माॅनीटरिंग करेंगें, खाद्य विभाग के अधिकारी खाद्य उत्पाद संस्थानों, होटल, पेट्रोल पम्प, गैस ऐजेन्सी आदि संस्थानों पर स्वच्छता एवं अन्य सुविधाओं की माॅनीटरिंग करेंगे तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शहर में स्थित चिकित्सालयों पर साफ सफाई एवं कचरा डिस्पोजल आदि की माॅनीटरिंग करेगें तथा आवश्यक कार्यवाही करेगें। वहीं प्रदूषण विभाग के अधिकारी उद्योग, फैक्ट्रियों आदि संस्थानों पर साफ सफाई की माॅनीटरिंग करेगें। इन सभी स्थानों पर ब्रांड एम्बेसडर निरीक्षण कर स्वच्छता की रैंकिंग प्रदान करेगें। 
निगमायुक्त ने बताया कि स्वच्छता जागरुकता अभियान के दौरान सभी विभाग स्वच्छता अभियान के तहत होने वाले कार्यों का कलेन्डर तैयार करें तथा समस्त जानकारी प्रतिदिन नोडल अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन को उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही स्वच्छता दूतों बनाने का कार्य करेंगें। वहीं तीनों विधानसभा क्षेत्र के उपायुक्त उक्त कार्यों के नोटिफिकेशन आफीसर होगें। वहीं सभी विभागों को स्वच्छता जागरुकता सामाग्री फलेक्स, बैनर, जाकिट एवं कैप निगम द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।
 
स्वच्छता एप पर सभी अधिकारी कर्मचारी करें जानकारी अपडेट
निगमायुक्त विनोद शर्मा ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता जागरुकता अभियान के तहत किए जाने वाले कार्यों के लिए सबसे महत्वूपूर्ण है स्वच्छता एप पर जानकारी अपडेट करना। इसलिए कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी अपने अपने मोबाइल में स्वच्छता एप डाउनलोड करेंगें तथा प्रतिदिन की जानकारी अपडेट कराएंगें। इसके साथ ही सभी अधिकारी कर्मचारी आमजनों को भी स्वच्छता एप के प्रति जागरुक करेगें तथा अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छता एप डाउनलोड कराएंगे।

Share This News :