Home > अपना शहर ,खास खबरे,
रीडर को चार्जशीट और आधा दर्जन कर्मचारियों को नोटिस

ग्वालियर । भितरवार एसडीएम के प्रवाचक (रीडर) को चार्जशीट और यहाँ के तहसील कार्यालय में पदस्थ आरआई सहित आधा दर्जन लापरवाह कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस मिलेंगे। यह निर्देश कलेक्टर राहुल जैन ने दिए हैं। जैन ने गुरूवार को भितरवार स्थित राजस्व कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अधीनस्थ राजस्व अमले पर नियंत्रण न रखने के लिये भितरवार के एसडीएम व तहसीलदार सहित यहाँ के राजस्व न्यायालयों के अन्य पीठासीन अधिकारियों को फटकार लगाई।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के रीडर राजेन्द्र परिहार द्वारा विभिन्न प्रकरणों में पेशियों पर आदेशिका लिखने के बाद भी अधीनस्थ राजस्व कार्यालयों से जरूरी रिकॉर्ड मंगाने के लिये नोटिस जारी न किए जाने पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने राजेन्द्र परिहार को चार्जशीट (आरोप पत्र) जारी करने के निर्देश दिए। इसी तरह राजस्व निरीक्षक रहीश खान को सितम्बर माह से सीमांकन पंजी में प्रविष्टियाँ न करने के आरोप में कारण बताओ नोटिस देने की हिदायत दी। जैन ने एसडीएम व तहसीलदार को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ पीठासीन अधिकारियों के न्यायालयों व कार्यालयों का निरीक्षण करें। साथ ही निरीक्षण नोट जारी कर खामियाँ दुरूस्त करायें। उन्होंने अभी तक निरीक्षण न करने पर नाराजगी जाहिर की। निरीक्षण के दौरान भितरवार के एसडीएम इकबाल मोहम्मद व तहसीलदार उमेश कौरव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

नकल न देना पड़ा भारी, लगाया लगभग 20 हजार का अर्थदण्ड
ग्राम डडूमर से आए एक ग्रामीण शिवराम ने कलेक्टर जैन से शिकायत की कि वह पिछले कई दिनों से अपनी जमीन के एक दस्तावेज की नकल के लिये चक्कर लगा रहा है, मगर उसे नकल प्रदाय नहीं की जा रही है। कलेक्टर ने रिकॉर्ड रूम में जाकर इस प्रकरण की स्वयं तहकीकात की।
स्टोरकीपर व संबंधित नायब तहसीलदार द्वारा बताया गया कि आवेदक द्वारा चाहा गया रिकॉर्ड मेन्युअल उपलब्ध नहीं है। इस वजह से नकल नहीं दी जा सकी। कलेक्टर इससे संतुष्ट नहीं हुए और कहा कि कम्प्यूटराइज्ड नकल देकर समस्या का समाधान किया जा सकता था। उन्होंने कहा यह सेवा लोक सेवा गारंटी कानून के दायरे में आती है। इसलिये देरी के लिये प्रावधानों के तहत 250 रूपए प्रतिदिन के हिसाब से अर्थदण्ड वसूला जायेगा। कलेक्टर ने नायब तहसीलदार सुरेश राणा, एलडीसी अरविंद श्रीवास्तव व नकल नवीश घनश्याम श्रीवास्तव से लगभग 20 हजार रूपए का अर्थदण्ड वसूलने के निर्देश एसडीएम को दिए।

डायवर्सन व नजूल वसूली पर दिया जोर
कलेक्टर राहुल जैन ने सभी राजस्व अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि राजस्व वसूली सभी राजस्व अधिकारियों का प्रमुख दायित्व है। इसलिये बड़े बकायादारों से सबसे पहले डायवर्सन की वसूली करें। भितरवार के नगरीय क्षेत्र में व्यवसायिक निर्माणों की सूची लेकर डायवर्सन शुल्क निर्धारित करें और उसकी अभियान बतौर वसूली की जाए।

यह भी निर्देश दिए
* एसडीएम को दिए निर्देश अधीनस्थ कार्यालयों से रिकॉर्ड न मिलने के अभाव में लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के लिये सभी रीडरों को समक्ष में बुलाकर रिकॉर्ड प्राप्त करें।
पुराने रिकॉर्ड को रिकॉर्ड रूम में जमा करें।
* अदम पैरवी में प्रकरण खारिज न करें। राजस्व न्यायालयों में प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण हो।
* सभी प्रकरण आरसीएमएस (रेवेन्यू कोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम) और दायरा पंजी में दर्ज हो।
* समय-सीमा पार कर चुके लोक सेवा प्रकरणों को स्वमेव अपील में लेकर अर्थदण्ड वसूलें।

Share This News :