Home > अपना शहर ,
कलेक्टर ने हरी झण्डी दिखाकर किया “डिजिटल इंडिया वेन” को रवाना नुक्कड़ नाटक से देंगे डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के बारे में जानकारी

डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के विषय में गाँव-गाँव में जानकारी देने के लिये एक विशेष प्रचार रथ “डिजिटल इंडिया वेन” को गुरूवार को कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ आगामी 17 नवम्बर तक जिले के तीन दर्जन से अधिक गांवों में पहुँचेगा। इस दौरान डिजिटल इंडिया विषय पर लोक कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुति भी दी जायेगी।

      यह “डिजिटल इंडिया वेन” भारत सरकार द्वारा चयनित एजेन्सी इम्पेक्ट कम्युनिकेशन के माध्यम से तैयार कराई गई है। यहाँ कलेक्ट्रेट से इस वेन को रवाना करते समय कलेक्टर डॉ. गोयल ने कहा कि गाँववासियों को सरल भाषा में सरकार की योजनाओं एवं डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी जाए। साथ ही ऐसे स्थान पर नुक्कड़ नाटक आयोजित करें, जहाँ अधिक से अधिक ग्रामीण जन नाटकों को देखकर डजिटल इंडिया के बारे में जान सकें।

      “डिजिटल इंडिया वेन” को रवाना करते समय अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री संजय पाण्डेय, जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी तथा जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस श्री आशीष जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

इन गाँवों में पहुँचेगी “डिजिटल इंडिया वेन”

      जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं सचिव ई-गवर्नेंस सोसायटी श्री नीलेश कुमार सिंह ने बताया कि मौजूदा माह में 21 अक्टूबर को ग्राम जखौदा व मोहना, 22 अक्टूबर को आरोन व सिमिरियाटांका, 24 अक्टूबर को अजयपुर व वीरपुर, 25 अक्टूबर को घाटीगाँव व पनिहार, 26 अक्टूबर को बरई व गिरवई, 27 अक्टूबर को कुलैथ व पुरानी छावनी, 28 अक्टूबर को ग्वालियर व मुरार कैन्ट में डिजिटल इंडिया वेन पहुँचेगी। इसी प्रकार नवम्बर माह के दौरान 3 नवम्बर को चांदपुर व पारसेन, 4 नवम्बर को बिल्हेटी व बेहट, 5 नवम्बर को टिहोली व उटीला, 7 नवम्बर को बिलौआ व टेकनपुर, 8 नवम्बर को अकबई बड़ी व पिछोर, 9 नवम्बर को शंकरपुर व सिमिरियाताल, 10 नवम्बर को डबरा व बुजुर्ग, 11 नवम्बर को रामगढ व सालवई, 12 नवम्बर को आंतरी व चीनौर, 14 नवम्बर को मेहगाँव व बनवार, 15 नवम्बर को भितरवार व केरूआ, 16 नवम्बर को सांखनी व बागवई तथा 17 नवम्बर को करहिया व चिटौली में प्रचार-प्रसार वेन पहुँचेगी।

 

Share This News :