Home > अपना शहर ,
टीआई लाइन हाजिर, एसआई निलंबित

ग्वालियर। हजीरा थाना क्षेत्र में बीती देर रात शराब के नशे में एक युवक ने अपने ही परिजनों पर हमला कर दिया। इससे पिता और भाई घायल हो गये। युवक को डायल सौ से पकडवा कर जब परिजन थाने पहुंचे तो पुलिस कर्मी उनसे उलझ गये और शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज कर उन्हें थाने में बंद कर दिया। इसके बाद पत्रकारों ने सुबह एसपी का बंगला घेरा और कार्रवाई की मांग की । वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर टीआई को लाइन अटैच कर दिया वहीं एक एसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार हजीरा थाना क्षेत्र में रहने वाले इलेक्ट्रोनिक मीडिया में कार्य करने वाले उमेश वर्मा के सगे भाई ने बीती देर रात घर पर नशे में उधम मचाकर चाकू से हमला कर दिया। उमेश के भाई ने पिता गशप्रसाद, उमेश और राजकुमार पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। थाने में शिकायत करने पर डायल सौ युवक को अपने साथ ले गई वहीं जब उमेश अपने साथी शैलेन्द्र तिवारी के साथ हजीरा थाने पहुंचा तो थाने के मुंशी मुकेश कुशवाह से उनकी बहस हो गई। रात को थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया थाने पहुंचे और उनसे भी शैलेन्द्र और उमेश का मुंहवाद हो गया। उधर टीआई ने दोनों पर कार्रवाई करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर हवालात में बंद कर दिया। सुबह जब साथियों को इस बात की सूचना मिली तो सभी एकत्र होकर एसपी के बंगले पर पहुंच गये। पत्रकारों ने अपनी बात एसपी को बताई और कार्रवाई की मांग की। एसपी ने तत्काल एडीशनल एसपी अभिषेक तिवारी को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मौके पर पहुंचे एएसपी और सीएसपी देवेन्द्र सिंह कुशवाह ने जब जांच शुरू की तो प्रथम दृष्टया थाना प्रभारी को दोषी पाया और उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। वहीं एक एसआई जानकीलाल को भी निलंबित कर दिया। पुलिस ने दोनों पत्रकारों का मेडीकल करवा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share This News :