Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
ट्रेन में लूटपाट कर रहे बदमाशों को लड़कियों ने खदेड़ा

विदिशा। à¤°à¤¾à¤·à¥à¤Ÿà¥à¤°à¥€à¤¯ ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भाग लेने बैंग्लुरू जा रही केन्द्रीय विद्यालय की छात्राओं और शिक्षिकाओं के साथ रविवार की रात वाराणसी-मैसूर एक्सप्रेस में अज्ञात बदमाशों ने मारपीट कर लूटपाट की। इस दौरान छात्राओं ने भी एकजुट होकर कुछ बदमाशों को खदेड़ दिया।

स्कूल स्टाफ ने घटना के तुरंत बाद रेल मंत्रालय को ट्वीट कर घटना की जानकारी दी। लेकिन उन्हें चार घंटे बाद रिस्पांस मिल पाया। इस ट्रेन में भोपाल और वाराणसी रीजन की 200 छात्राएं सफर कर रहीं थीं।

राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के आयु वर्ग 17 एवं 19 के लिए भोपाल रीजन के करीब 8 जिलों की छात्राएं रविवार की सुबह इटारसी से वाराणसी-मैसूर एक्सप्रेस में बैंग्लुरू जाने के लिए रवाना हुई थीं। वहीं वाराणसी रीजन की छात्राएं पहले से ही इस ट्रेन में सवार थीं। इसमें विदिशा की 11 छात्राएं भी शामिल थीं। केन्द्रीय विद्यालय विदिशा की खेल अधिकारी रंजना वर्मा इन खिलाड़ियों को लेकर रवाना हुई थीं।

उनके मुताबिक रात करीब 2 बजे ट्रेन की गति धीमी थी। इसी दौरान जेउर और पोफलाज स्टेशन के बीच कुछ बदमाश ट्रेन की बोगियों में खिड़कियों के सहारे लटक गए। इस दौरान वे खिड़की से महिलाओं और छात्राओं के पर्स और दुपट्टे खींचने लगे।

इन हरकतों के बाद कुछ शिक्षिकाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। तब तक कुछ अन्य बदमाश दो अलग-अलग बोगियों में घुस आए। इन बदमाशों ने चाकू की नोक पर छात्राओं को धमकाना शुरू कर दिया। उनके पास से जैकेट और अन्य सामान छीनने लगे। बदमाश वाराणसी की शिक्षिका अंजली केसरी के साथ मारपीट कर सोने की चेन और पर्स लूट ले गए। 

छात्राओं ने किया मुकाबला, बदमाशों को खदेड़ा

रंजना वर्मा ने बताया स्लीपर कोच नं. 3, 5, 6 एवं 7 में छात्राएं मौजूद थीं। बोगी में हंगामे की आवाज सुनकर अन्य बोगियों की बहुत सी छात्राएं भी आ गई और उन्होंने बदमाशों पर हल्ला बोल दिया। इस दौरान लड़कियों ने अपने जान की परवाह न करते हुए दो बदमाशों को धर दबोचा। जिनकी उन्होंने जमकर धुनाई की। लेकिन मौका देखकर यह बदमाश ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।

भोपाल रीजन के इन क्षेत्रों की छात्राएं है शामिल

इस ट्रेन में विदिशा की 11 छात्राओं के अलावा भोपाल रीजन के होशंगाबाद-इटारसी, शाजापुर, झाबुआ, बड़वानी, बड़कुई, बीना सहित अन्य विद्यालयों की छात्राएं शामिल थीं। खेल अधिकारी वर्मा के मुताबिक भोपाल रीजन की सभी छात्राएं सुरक्षित हैं।

Share This News :