Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
दिग्विजय सिंह की नर्मदा पदयात्रा शुरू, पत्नी अमृता राय भी साथ में

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनकी पत्नी अमृता राय सिंह ने नरसिंहपुर जिले के बरमान खुर्द रेतघाट से शनिवार की शाम पांच बजे नर्मदा पूजन के बाद गौधूलि बेला में नर्मदा परिक्रमा शुरू की। उनके साथ करीब 60 नर्मदा पथिक भी चल रहे हैं।

यात्रा पहले दिन बरमान खुर्द से करीब तीन किमी दूर बरियाघाट पहुंची, जहां यात्रा ने गांव के पूर्व सरपंच लाल साहब मिश्रा के यहां विश्राम किया। उधर, यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने वालों की संख्या करीब ढाई हजार पहुंच गई है।

यात्रा शुरू करने के पूर्व सिंह ने कहा कि यात्रा पूरी तरह आध्यात्मिक है। उनसे जब यात्रा के दौरान किसी राजनीतिक बयान के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने नर्मदे हर कहकर बात समाप्त कर दी। वे ये जरूर बोले कि परिक्रमा के लिए बरमान का चयन उन्होंने अपने गुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती से चर्चा कर लिया है। यात्रा शुरू होने के पहले बरमान घाट की व्यवस्थाओं का सिंह के पुत्र विधायक जयर्वन सिंह ने जायजा लिया और इसके बाद वे दशहरा महोत्सव के लिए राघौगढ़ रवाना हो गए।

वाहनों के काफिले में आए

सिंह ने शनिवार सुबह परमहंसी में भगवती त्रिपुर सुंदरी का पूजन कर शंकराचार्य जी से आशीर्वाद लिया, उसके बाद उन्होंने गुंदरई गांव में एक कार्य का भूमिपूजन करने के बाद बरमान की ओर प्रस्थान किया। दोपहर करीब तीन बजकर 22 मिनट पर बरमान खुर्द के शारदा मंदिर में सिंह ने पत्नी के साथ पूजन किया। शाम 4 बजकर 22 मिनट पर रेतघाट पहुंचे और करीब 4 बजकर 55 मिनट तक पूजन करते हुए परिक्रमा का संकल्प लिया। मंदिर के दो पुजारियों ने पूजन कराया। इसके बाद श्री सिंह और यात्रियों का काफिला बरिया घाट की तरफ चल निकला। यहां पहुंचकर शाम सात बजे नर्मदा जी की आरती हुई।

तन्खा, पचौरी, पटवारी सहित कई नेता पहुंचे

सिंह की परिक्रमा शुरू होने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, सांसद विवेक तन्खा, विधायक जीतू पटवारी, रजनीश सिंह, ओमकार मरकाम, सुरेंद्र सिंह बघेल हनी, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुणाल चौधरी, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विपिन वानखेड़े सहित नरसिंहपुर, जबलपुर और गुना आदि जिलों से आए उनके समर्थक मौजूद रहे। तन्खा ने कहा कि ये यात्रा भाजपा की यात्रा से बिल्कुल अलग है। सिंह ने यात्रा का संकल्प बहुत पहले ही ले लिया था। उधर, पचौरी ने भी यात्रा को पूरी तरह धार्मिक यात्रा बताया।

रविवार सुबह अंडिया घाट पहुंचेंगे

रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री सुबह 9 बजे अंडिया घाट पहुंचेंगे। इसके बाद 11 बजे लिंगा घाट और फिर शाम 4 बजे कोठिया घाट पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन 2 अक्टूबर को उनकी यात्रा जिले के ही बिछुआ गांव से शुरू होगी। दोपहर विश्राम के बाद 5 बजे वह भटेरा और खेड़ा खकरिया के बाद होशंगाबाद जिले में प्रवेश करेंगे।

Share This News :