Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
दिग्विजय करेंगे 3300 किमी की नर्मदा परिक्रमा

कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह 30 सितंबर से मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से राज्य की जीवनदायिनी नदी नर्मदा की परिक्रमा करेंगे. करीब छह महीने तक चलने वाली इस 3,300 किलोमीटर लंबी परिक्रमा के दौरान वह इस पवित्र नदी के दोनों तटों पर रोजाना करीब 20 किलोमीटर पैदल चलेंगे. दिग्विजय के बेटे एवं गुना जिले के राघौगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने गुरुवार (28 सितंबर) को बताया, ‘‘मेरे पिताजी नरसिंहपुर में अपने गुरु एवं द्वारका पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती से आशीर्वाद लेने के बाद पवित्र बरमान घाट से 30 सितंबर से ‘नर्मदा परिक्रमा’ करेंगे.’’कांग्रेस नेता दिग्विजय (70) वर्ष 1993 से वर्ष 2003 तक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं और वर्तमान में प्रदेश से ही राज्यसभा सांसद हैं. कांग्रेस पार्टी से मिली जानकारी के अनुसार दिग्विजय अपने आध्यात्मिक गुरु स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती की सलाह पर इस धार्मिक यात्रा को करने का फैसला लिया है.मध्य प्रदेश सरकार इस पद यात्रा के दौरान दिग्विजय को सुरक्षा मुहैया करायेगी. उनके साथ एक पुलिस अधिकारी भी रहेगा. गौरतलब है कि अगले साल के अंत में मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं. ऐसे में दिग्विजय की इस परिक्रमा के दायरे में मध्यप्रदेश की 230 विधानसभा क्षेत्रों में से 110 सीटें आयेंगी. इसके अलावा, दिग्विजय की यह नर्मदा परिक्रमा गुजरात विधानसभा की 20 क्षेत्र भी आयेंगी और गुजरात में भी इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. इसलिए लोगों द्वारा दिग्विजय की इस यात्रा को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है.

Share This News :