Home > अपना शहर ,
आईआरसीटीसी चलाएगी ग्वालियर रेलवे स्टेशन की कैंटीन

ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर स्थित कैंटीन भी रेलवे ने आईआरसीटीसी को देने की तैयारी कर ली है। इस संबंध में कागजी कार्रवाई लगभग पूरी हो चुकी है। अब 29 सितंबर को झांसी मंडल मुख्यालय में एक बैठक है, जिसमें आईआरसीटीसी के जोनल अधिकारी और रेलवे के वाणिज्य विभाग के अधिकारी शामिल रहेंगे।
रेलवे की नई कैटरिंग पॉलिसी में कैटरिंग व्यवस्था पूरी तरह से आईआरसीटीसी के हैंडओवर करने का निर्णय लिया गया है। इसके चलते आईआरसीटीसी ने सभी जोनों में सर्वे शुरू कर दिया है। झांसी रेल मंडल में भी इस संबंध में कार्रवाई शुरू हो गई है। झांसी रेलवे स्टेशन पर स्थित कैंटीन आईआरसीटीसी को हैंडओवर हो चुकी है। अब उसका ठेका, ठेकेदार की निगरानी का काम आईआरसीटीसी पर ही रहेगा। इसके बाद अब ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म-1 पर स्थित कैंटीन भी आईआरसीटीसी ने लेने की तैयारी शुरू कर दी है।
यहां प्रतिदिन खाना खाने वाले यात्रियों की संख्या, प्रतिदिन की कमाई, खर्च से सबंधित जानकारी पहले ही इकठ्ठी की जा चुकी है। इस संबंध में 29 सितंबर को बैठक है। इस महीने ग्वालियर कैंटीन भी आईआरसीटीसी के हैंडओवर हो जाएगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार पहले चरण में कैंटीन हैंडओवर होगी और इसके बाद सारे फूड स्टॉल भी आईआरसीटीसी को हैंडओवर हो जाएंगे।

Share This News :