Home > अपना शहर ,
आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय के सभी निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएँ : कमिश्नर

ग्वालियर ।आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय के सभी निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किए जाएँ। यह निर्देश ग्वालियर संभाग के कमिश्नर एस एन रूपला ने हाल ही में आयोजित हुई बैठक में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री और आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य बी एम शर्मा को दिए। 
कमिश्नर रूपला ने कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय में दो क्लासेस का निर्माण कराने के लिये 36 लाख रूपए की स्वीकृति दी गई थी। यह दोनों क्लासेस अभी भी अपूर्ण हैं। इस पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री ने दोनों क्लासेस का निर्माण दिसम्बर 2017 के अंत तक पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। कार्यपालन यंत्री ने यह भी बताया कि आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय में 18.14 लाख रूपए की लागत से स्वीकृत कार्यों का निर्माण कार्य 90 प्रतिशत पूर्ण हो गया है।  10 प्रतिशत शेष कार्य 15 दिवस में पूर्ण कर लिया जायेगा। 
कमिश्नर रूपला ने कार्यपालन यंत्री से कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय के अंदर का हॉस्टल शिफ्ट करने के लिये 16 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं। इसे भी तत्काल शिफ्ट किया जाए। कमिश्नर ने कहा कि अंदर अगर अतिक्रमण है तो तत्काल पीडब्ल्यूडी टीम बनाकर अतिक्रमण को तत्काल हटायें। इसके लिये पीडब्ल्यूडी, एसडीओ, राजस्व, नगर निगम और कॉलेज प्रशासन के एक-एक सदस्य को लेकर टीम बनायें। कमिश्नर ने प्राचार्य बी एस शर्मा को निर्देश दिए कि महाविद्यालय को स्वीकृत मशीनें अगले 15 दिवस में आ जाएँ। 

Share This News :