Home > अपना शहर ,
गोरखी विद्यालय में बच्चों ने महापौर के साथ किया श्रमदान, निकाली रैली

ग्वालियर । स्वच्छ भारत मिशन की तीसरी वर्षगाँठ के अवसर पर स्वच्छता के लिये संचालित गतिविधियों को और विस्तार देने हेतु 15 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा” विषय पर जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। अभियान के तहत स्वच्छता को जन आंदोलन बनाकर जन सामान्य से जोड़ने का प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के तहत “स्वच्छता ही सेवा” का संदेश देने हेतु श्रमदान के माध्यम से भी स्वच्छता के कार्य किए जा रहे हैं। 
शुक्रवार को महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने गोरखी विद्यालय में छात्रों और शिक्षकों के साथ मिलकर श्रमदान किया। इसके साथ ही छात्रों के माध्यम से गोरखी स्कूल से राजबाड़ा होते हुए सर्राफे तक स्वच्छता रैली का आयोजन भी किया गया। रैली का शुभारंभ महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने हरी झण्डी दिखाकर किया। इस अवसर पर स्वच्छता अभियान से जुड़े नगर निगम के पूर्व अपर आयुक्त एम एल दौलतानी, गोरखी विद्यालय के प्राचार्य एस एन नीखरा, एनसीसी अधिकारी आर के शर्मा सहित सभी शिक्षक और छात्र उपस्थित थे। 
महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने छात्रों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। उन्होंने छात्रों से कहा कि स्वच्छता के अनेक लाभ हैं। स्वच्छता व्यक्तिगत, संस्थागत हो सकती है। उन्होंने कहा कि सभी छात्र स्वयं तो स्वच्छ रहें ही, साथ ही अपने विद्यालय को भी स्वच्छ रखने में भागीदार बनें। शेजवलकर ने कहा कि स्वच्छता हमारी संस्कृति का हिस्सा है। हमारे घरों में भी हमारी मातायें हमें बिना नहाए-धोए खाना न खाने की सलाह देती हैं। स्वच्छता को अपनी आदत में डालने की जरूरत है। सभी छात्र माह में एक दिन अपने विद्यालय की स्वच्छता के लिये भी स्वप्रेरणा से कार्य करें। 
नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने कहा कि 15 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत सभी विद्यालयों में स्वच्छता रैलियाँ, श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया जाना है। इसी कड़ी में गोरखी विद्यालय में भी यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में स्वच्छता समितियों का गठन किया गया है। इन समिति में शिक्षकों के साथ-साथ छात्रों को भी सम्मिलित किया गया है। यह समिति अपने विद्यालय में नियमित स्वच्छता का अभियान संचालित करेगी। 

Share This News :