Home > अपना शहर ,
महिला फरियादी के साथ थाना प्रभारी ने की मारपीट, भददी गालियां दी

ग्वालियर। माधौगंज थाना प्रभारी द्वारा एक महिला फरियादी को पुलिस अधीक्षक के कहने पर चोरी की रिपोर्ट कराने थाने जाने पर भददी गालियां देने और चांटा मारने का मामला प्रकाश में आया है। महिला फरियादी ने इस मामले की भी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार माधौगंज के बारह बीघा पीतमपुरा निवासी निशा शर्मा के घर का ताला तोडकर सारा सामान कुछ लोगों ने निकाल लिया था। इन लोगों के नाम सोनू शुक्ला, उसके पिताजी और देवेन्द्र बाजवा के रूप में सामने आए इतना ही नहीं आरोपियों ने जांच के दौरान भी स्वीकार किया कि उन्होने ताला तोडकर सामान बाहर निकाला है और उसे देवेन्द्र बाजवा के यहां रखवाया है। निशा शर्मा पहले तो रिपोर्ट कराने थाने पहुंची जहां उसकी सुनवाई नहीं हुई बाद में निशा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची जहां पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी विनय शर्मा से रिपोर्ट लिखने के लिए कहा। इसी बीच जब निशा एसपी ऑफिस से वापस लौट रही थी तभी एसआई प्रमोद शर्मा का फोन आया कि आप अपनी रिपोर्ट लिखाने थाने आ जाएं थाना प्रभारी विनय शर्मा आपको बुला रहे हैं। 
निशा जब थाने पहुंची तो थाना प्रभारी ने उससे कहा कि तुम्हारे बयान रिकार्ड करना है। जब उसने चोरी की पूरी घटना सुनाना शुरू की तभी थाना प्रभारी बीच में उठे और महिला फरियादी को एक चांटा मारा और भददी गालियां दी। इस पूरी घटना की फिर पुलिस अधीक्षक से फरियादी निशा शर्मा ने शिकायत की है। पुलिस का इस प्रकार से निरंकुश होना दर्शाता है कि अब शहर में कोई भी सुरक्षित नहीं है। बताया जाता है कि आरोपी थाना प्रभारी के रिश्तेदार हैं। इसलिये वह मामले को दबाना चाहते हैं। इसे देख अब आम जनता का पिसना तय माना जाएगा। देखना है कि अब वरिष्ठ अधिकारी थाना प्रभारी के विरूद्ध कोई कडी कार्रवाई करेंगे या फिर मामले को रफा दफा करेंगे इसका इंतजार रहेगा। 

Share This News :