Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
माता टेकरी पर दर्शन के लिए रोप-वे की सुविधा

देवास। à¤¨à¤µà¤°à¤¾à¤¤à¥à¤°à¤¿ में माता टेकरी पर मां चामुंडा और तुलजा भवानी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को इस बार रोप-वे से टेकरी पर जाने की सुविधा मिलेगी। बरसों के इंतजार के बाद रोप-वे इस साल शुरू हो चुका है। यह पहला मौका होगा जब नवरात्रि में श्रद्धालु इसमें बैठकर टेकरी पर जा सकेंगे। माना जा रहा है कि मालवा-निमाड़ का पहला रोप-वे होने के चलते बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह आकर्षण का केंद्र रहेगा।

उल्लेखनीय है कि नवरात्रि के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु माता टेकरी पर दर्शन के लिए पहुंचते हैं। साल दर साल माता के भक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसमें सबसे ज्यादा श्रद्धालु इंदौर व उज्जैन से आते हैं। इधर करीब 14 वर्षों के इंतजार के बाद इस साल टेकरी पर जाने के लिए रोप-वे शुरू हो गया है। साथ ही यह मालवा-निमाड़ का पहला रोप-वे है। इसलिए माना जा रहा है कि इस बार माता टेकरी पर जाने वाले श्रद्धालु बड़ी संख्या में रोप-वे में बैठकर टेकरी पर जा सकते हैं। उधर नवरात्रि को देखते हुए कंपनी ने रात में भी रोप-वे का संचालन करने की तैयारी की है।

कंपनी की मैनेजर मधुलिका चौधरी के अनुसार नवरात्रि में सुबह छह से रात 10 बजे तक दो शिफ्ट में रोप-वे का संचालन किया जाएगा। हद से हद 11 बजे तक हम रात में इसे चला पाएंगे। पहली शिफ्ट सुबह छह से दोपहर दो बजे तक होगी और दूसरी दोपहर दो से रात 10 बजे तक की होगी। सुरक्षा कारणों व मशीनों की स्थिति को देखते हुए किसी भी हालत में हमें रात 11 बजे इसे बंद करना रहेगा। कंपनी 20 सितंबर से रोप-वे का संचालन सुबह छह बजे से करना शुरू कर देगी।

अभी यह है संचालन का समय

 

वर्तमान में रोप-वे संचालन करने वाली कंपनी सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक व दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक रोप-वे का संचालन कर रही है। अब नवरात्रि को देखते हुए कंपनी ने रात में भी रोप-वे का संचालन करने का निर्णय लिया है।

Share This News :