Home > अपना शहर ,
बच्चों की तस्करी और शोषण मिटाने कैलाश सत्यार्थी ने शुरु की भारत यात्रा

नोबल पुरस्कार विजेता, कैलाश सत्यार्थी ने विवेकानंद रॉक मेमोरियल से अपनी भारत यात्रा की शुरुआत की। इस यात्रा का उद्देश्य बच्चों की तस्करी और उनके लैंगिक शोषण को समाप्त करना है। उन्होंने देश की युवा पाढ़ी से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस मार्च में शामिल होने की अपील की, जो इस देश का भविष्य हैं। 
कन्याकुमारी से शुरु हुई यह यात्रा 16 अक्टूबर को नई दिल्ली में समाप्त होगी। अपने सफर के दौरान यह 22 राज्यों से गुजरते हुए 11000 किलोमीटर का मार्ग तय करेगी। तमिलनाडु में यह यात्रा कन्याकुमारी, सेलम, मदुरई, वेल्लोर एवं चेन्नई से होकर गुजरेगी। कैलाश सत्यार्थी दुनिया भर के बच्चों की सुरक्षा एवं आज़ादी के लिए पिछले 36 वर्षों से अभियान चला रहे हैं। उन्हें बाल अधिकारों के लिए निरंतर प्रयास एवं सघर्ष करने हेतु नोबल पुरस्कार (2014) दिया गया था। 
कैलाश सत्यार्थी ने कहा, “बच्चों के साथ बलात्कार और उनका लैंगिक शोषण एक नैतिक महामारी बन चुकी है, जिसके मामले लगातार हमारे देश में सामने आ रहे हैं। अब हम मूक दर्शक बने नहीं रह सकते। हमारी चुप्पी से अधिक हिंसा पैदा हो रही है। इसलिए, यह भारत यात्रा बलात्कार, शोषण और तस्करी के खिलाफ एक खुली जंग की शुरुआत होगी। हम यहां इस बात की घोषणा करते हैं कि पीड़ितों और उनके परिवारों को डर के साये में जीने नहीं देंगे, जबकि बलात्कारी बिना किसी से डरे खुलेआम घूम रहे हों। मुझे यह स्वीकार नहीं है कि हर घंटे आठ बच्चे लापता हो रहे हैं और दो के साथ बलात्कार हो रहा है। हर बार, जब एक भी बच्चा खतरे में होता है, तो भारत खतरे में होता है। भारत यात्रा का उद्देश्य भारत को हमारे बच्चों के लिए एक बार फिर से सुरक्षित राष्ट्र बनाना है। इसमें जरा भी चूक ना होने दें: यह एक निर्णायक लड़ाई होगी, एक ऐसी लड़ाई जो भारतीय अंतरात्मा की नैतिकता को दोबारा से हासिल करेगी।”
यात्रा में पोन राधाकृष्णन (कन्याकुमारी से सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री वित्त एवं जहाजरानी मंत्रालय, भारत सरकार) एवं इलियाराजा (भारतीय फिल्मकार) सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस यात्रा को रॉक मेमोरियल से रवाना किया गया। देश के बच्चों के लिए सत्यार्थी के इस मार्च में सरकारी अधिकारी, स्कूली बच्चे एवं शिक्षक, बाल हिंसा से पूर्व में पीड़ित रहे बच्चे और मीडियाकर्मी भी शामिल हुए।
इसके पश्चात नोबल पुरस्कार विजेता ने फुटबॉल ग्राउंड की ओर मार्च किया और वहां मौजूद बच्चों, कॉलेज छात्रों, स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों, और नागरिकों के समूह को संबोधित किया। इस यात्रा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे दिल से समर्थन दिया है और यात्रा की शुरुआत के अवसर पर उनका संदेश भी पढ़कर सुनाया गया। 

Share This News :