Home > अपना शहर ,
भारत के नव निर्माण में सहयोग के लिये स्वैच्छिक संगठन आगे आएँ : पवैया

ग्वालियर । समाज और सरकार के साझा प्रयासों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष-2022 तक भारत का नव निर्माण करने के लिये संकल्प दिलाए हैं। मानसिकता में परिवर्तन के माध्यम से देश के उत्थान के लिये की गई इस पहल को सफल बनाने में स्वयंसेवी संगठन भी सहभागी बनें। इस आशय का आहवान उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने स्वैच्छिक संगठनों के जिला स्तरीय सम्मेलन में किया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में यह सम्मेलन “संकल्प से सिद्धि” अभियान के तहत आयोजित हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता संत कृपाल सिंह ने की। 
गुरूवार को यहाँ सिटी सेंटर स्थित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान के सभागार में आयोजित हुए सम्मेलन में उच्च शिक्षा मंत्री पवैया ने कहा कि “संकल्प से सिद्धि” अभियान के माध्यम से गरीबी, गंदगी, जातिवाद, भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता व आतंकवाद जैसी सामाजिक बुराईयों का निर्मूलन करना है। यह सभी की भागीदारी से ही संभव होगा। उन्होंने कहा कि संकल्प हमारी सबसे बड़ी पूँजी होती है। इसी भाव के साथ प्रधानमंत्री ने बुराईयों को समाप्त करने के लिये संकल्प दिलाए हैं। पवैया ने कहा कि भिक्षु भाव से हम राष्ट्र को ऊँचाईयों पर नहीं पहुँचा सकते। इसके लिये हमें अपने भीतर के स्वाभिमान को जगाकर राष्ट्र निर्माण में सहयोग देना होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष-2022 तक देश के नव निर्माण का संकल्प पूरा करने के लिये हमें राष्ट्रीयता का बोध जगाना होगा। उच्च शिक्षा मंत्री ने उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि बहुत से लोगों ने स्वेच्छा से रसोई गैस की सब्सिडी छोड़ी है। इनके द्वारा छोड़ी गई सब्सिडी से गरीबी रेखा के नीचे जिंदगी बसर कर रहे परिवारों की महिलाओं को सरकार ने नि:शुल्क गैस कनेक्शन मुहैया कराए हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे की खुशी में अपनी खुशी देखना भारतीयों का चरित्र रहा है। 
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संत कृपाल सिंह ने कहा कि हमारे भीतर बहुत सी शक्तियाँ छुपी हैं, उन्हें सही दिशा में ले जाने की जरूरत है। अगर हम अच्छे मनोभाव से कोई संकल्प लेते हैं तो वह जरूर पूरा होता है। जन अभियान परिषद के संभागीय समन्वयक सुशील बरूआ ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष शांतिशरण गौतम, अल्पसंख्यक आयोग से जुड़े डॉ. भल्ला तथा मोहन विटवेकर सहित अन्य अतिथिगण मंचासीन थे। आरंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। अंत में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक  à¤µà¤¿à¤¨à¤¯ शेजवार ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। 
 
यह संकल्प दिलाए 
उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया द्वारा “संकल्प से सिद्धि” अभियान में वर्ष-2022 तक भारत के नव निर्माण के लिये शामिल संकल्प भी इस अवसर पर दिलाए गए। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधियों को स्वच्छ भारत, गरीबी मुक्त भारत, भ्रष्टाचार मुक्त भारत, आतंकवाद मुक्त भारत, जातिवाद मुक्त भारत, संप्रदायवाद मुक्त भारत, हर गरीब को घर दिलाने, हर हाथ को कुशल बनाने, गाँवों को वृक्षों से आच्छादित करने, हर गाँव तक सड़क बनवाने, मिशन अंत्योदय को सफल बनाने, समूहों के जरिए आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प दिलाए। 

Share This News :