Home > अपना शहर ,
निगम के जेडो और दरोगा लगा रहे हैं स्वच्छता अभियान में पलीता

नगर निगम के जोनल ऑफीसर और सफाई दरोगा मिलकर स्वच्छता अभियान को पलीता लगा रहे हंैं। इसके चलते वार्डों में सुबह से शुरू होने वाला सफाई का पूरा काम सहित विशेष सफाई अभियान इक्का दुक्का सफाई कर्मी से ही कराया जा रहा है और कलेक्टर रेट वाले सफाई कर्मी केवल हाजिरी देकर घर पर आराम कर रहे हैं।
निगम सूत्रों की मानें तो प्रत्येक क्षेत्र में निगम ने लगभग पचास से अधिक अतिरिक्त सफाई कर्मियों को कलेक्टर रेट पर रखा। इनमें से कई सफाई कर्मी दरोगाओं से लेकर सफाई कर्मी नेताओं के रिश्तेदार या नजदीकी है। इसके चलते वह केवल हाजिरी लगाने ही वार्ड पर पहुंचते हैं। या फिर वार्ड के एक छोटे से क्षेत्र में कभी कुछ काम कर हीरो बनकर वापस घर लौट जाते हैं। इसके बाद कुछ अर्धकुशल और रूटीन वाले सफाई कर्मी ही पूरे क्षेत्र को साफ करते नजर आते हैं। सूत्रों की मानें तो रोजनदारी वालों से दरोगा चाहे तो ज्यादा काम ले सकता है। लेकिन ऐसा नहीं वह तो पहले से काम कर रहे सफाई कर्मियों को ही विशेष सफाई अभियान में लगा देता है। इतना ही नहीं कई बार बीच में ही सफाई काम को छुडवा कर विशेष सफाई अभियान में लगा दिया जाता है। सूत्र बताते हैं कि इसके एवज में दरोगाओं और जेडो को कलेक्टर रेट वाले सफाई कर्मी अपने को मिलने वाली सैलरी से कुछ पैसा देते हैं। इसी के चलते उनका यह खेल निगम में लगातार चल रहा है। इससे स्वच्छता अभियान को भले ही पलीता लग रहा हो लेकिन दरोगा और जेडो की जेब गर्म हो रही है। बताया जाता है कि क्षेत्र के मोतीमहल कार्यालय पर पचास सफाई कर्मियों की नई भर्ती की गई। यदि अचानक इन सफाई कर्मियों की जांच की जाए तो मौके पर आधे भी सफाई कर्मी अधिकारियों को नहीं मिलेंगे। ऐसे में प्रश्र यही उठता है कि यह पूरा खेल दरोगा और जेडो के संरक्षण में चल रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों जहां तक निगम आयुक्त को इसकी भनक तक नहीं है। अब देखना है कि क्या जेडो और दरोगा के संरक्षण में चल रहे खेल का पटाक्षेप होगा या फिर इसी प्रकार से सफाई कर्मी स्वच्छता अभियान को पलीता लगाते रहेंगे इसका इंतजार रहेगा।

Share This News :