Home > अपना शहर ,
तिघरा में पानी लाने की कार्रवाई तत्परता से की जाए : रूपला

ग्वालियर । ग्वालियर संभाग के आयुक्त एस एन रूपला ने कहा है कि ग्वालियर के पेयजल आपूर्ति कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पेयजल वितरण के लिये सभी एहतियाती कदम उठाए जाएँ। रूपला ने यह बात बुधवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय में जल संसाधन विभाग और नगर निगम के अधिकारियों की बैठक में कही। बैठक में कलेक्टर ग्वालियर राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा, मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग एन पी कोरी, अधीक्षण यंत्री पीएचई नगर निगम आर एल एस मौर्य सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। 
संभागीय आयुक्त एस एन रूपला ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ककैटो और पहसारी के माध्यम से डैड स्टोरेज के अतिरिक्त जितना भी पानी है, उसे तिघरा जलाशय में लाने की कार्रवाई तत्परता से की जाए। इसके साथ ही ककैटो-पहसारी से पम्पिंग के माध्यम से तिघरा में पानी लाने के लिये टेण्डरिंग की कार्रवाई तत्काल प्रारंभ की जाए। नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा निगम की ओर से जो भी स्वीकृतियाँ दी जाना हैं उसे तत्काल जल संसाधन विभाग को उपलब्ध करायें। 
संभागीय आयुक्त रूपला ने मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग एन पी कोरी से कहा कि ककैटो से पहसारी में और पहसारी से तिघरा में पानी लाने की कार्रवाई विभाग तत्परता से करे। लिफ्टिंग के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम जल संसाधन विभाग को सहयोग प्रदान करें। रूपला ने कहा कि शासन स्तर से यह निर्णय लिया जा चुका है कि जल संसाधन विभाग पम्पिंग के माध्यम से ककैटो-पहसारी से तिघरा में पानी लाने का कार्य करेगा। शासन निर्णय के परिपालन में विभाग सभी आवश्यक कार्रवाईयाँ समय रहते पूर्ण करें। 
संभाग आयुक्त ने नगर निगम आयुक्त को भी निर्देशित किया कि ग्वालियर शहर में पानी का अपव्यय न हो, इसके लिये निगम तत्परता से कार्रवाई करे। पानी की बचत के लिये भी निगम द्वारा जन जागृति अभियान चलाए। निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने आश्वस्त किया कि पेयजल का अपव्यय रोकने हेतु निगम विशेष प्रयास करेगा। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि नगर निगम और जल संसाधन विभाग संयुक्त रूप से पेयजल वितरण और तिघरा में पानी लाने की कार्रवाई का कार्य संयुक्त रूप से करेगा। इसके लिये जिला प्रशासन की ओर से उन्हें हर संभव सहयोग दिया जायेगा। 

Share This News :