Home > अपना शहर ,
इंजीनियरिंग कॉलेज कैंपस में गोलीबारी, दो स्टूडेंट्स को गोली लगी

ग्वालियर ( विनय शर्मा ) :  मुरैना के एक इंजीनियरिंग कॉलेज कैंपस में स्टूडेंट्स के बीच गोलीबारी होने से हड़कंप मच गया। इस हमले में दो स्टूडेंट्स के गोली लग गई। फायरिंग करने वाले स्टूडेंट भाग गए। बाद में इन घायल स्टूडेंट्स को तुरंत ग्वालियर में मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल में पहुंचाया गया। यहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक मुरैना के बानमौर में श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज है। मंगलवार की सुबह प्रतिदिन की तरह कॉलेज में स्टूडेंट्स आ रहे थे। कॉलेज में ही गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई है। स्टूडेंट्स के मुताबिक गणेश जी की आरती के बाद कुछ स्टूडेंट्स गेट की ओर जाने लगे।
इसी दौरान कुछ युवक आए और उन्होंने फायरिंग करना शुरू कर दी। फायरिंग से बचने के लिए स्टूडेंट्स इधर-उधर भागने लगे। अंधाधुंध फायरिंग में दो स्टूडेंट्स को गोलियां लग गई। इस बीच हमलावर कॉलेज कैंपस से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर कॉलेज के भीतर से टीचर और दूसरे लोग आए।
इस हमले में विकास सिकरवार और प्रशांत डंडोतिया घायल हुये। कॉलेज प्रबंधन ने तुरंत अपनी वैन से ग्वालियर के मेडिकल कॉलेज के जयारोग्य हॉस्पिटल में उन्हें पहुंचाया। यहां दोनों स्टूडेंट को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर है और उनका इलाज किया जा रहा है।
कॉलेज के सचिव हरेन्द्र शर्मा का कहना है कि यह पहली घटना है, जिसमें कॉलेज कैंपस में फायरिंग हुई है। गोलियां चलाने वाले कौन थे और कैंपस के भीतर कैसे आ गए। इसकी जांच की जा रही है।

Share This News :