Homeराज्यो से ,खास खबरे,slider news,
मोदी कैबिनेट: बड़ा फेरबदल जल्द होने की संभावना, कई मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी

केंद्रीय मंत्रिमंडल में जल्द बड़े फेरबदल की अटकलों के चलते कई मंत्रियों की सांसें अटकी हुई हैं। खबर है कि इस बार खराब प्रदर्शन करने वाले कई मंत्रियों की भी छुट्टी की जा सकती है। कुछ मंत्रियों को राजनीतिक कारणों से भी हटाए जाने की संभावना है। मसलन, जिन राज्यों में चुनाव हो चुके हैं, वहां के मंत्रियों की संख्या कम की जा सकती है और जहां चुनाव होने वहां के नए मंत्री बनाए जा सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल में फेरबदल इसी सप्ताह होने के आसार हैं। यह फेरबदल बडा होगा। इसमें एनडीए में शामिल हुए जद यू और अन्नाद्रमुक के दो-दो मंत्री बनाए जाएंगे। अरुण जेटली, हर्षवर्धन, स्मृति ईरानी, नरेंद्र तोमर और अनंत कुमार के पास मंत्रालयों के अतिरिक्त प्रभार हैं। नजरें इस बात पर भी टिकी हुई हैं कि इनके कौन से विभाग जारी रहेंगे और कौन से बदले जाएंगे। 

सूत्रों के अनुसार यह बड़ा फेरबदल होगा इसमें कई पैरामीटरों पर मंत्रियों के भाग्य का फैसला होगा। चुनाव हो चुके राज्यों और होने वाले राज्यों के अलावा, अधिक उम्र का फैक्टर, अब तक के कामकाज भी फेरबदल का आधार बनेगा। दूसरे, यह भी चर्चा है कि कुछ नेताओं को संगठन में भी भेजा जा सकता है। इन सभी कारणों से मंत्रियों में जबरदस्त बैचैनी है। सबको फेरबदल का बेसब्री से इंतजार है। 

इसके अलावा कुछ मंत्रियों को निकट भविष्य में राज्यों की कमान सौंपे जाने की संभावना है। जैसे यदि हिमाचल में चुनाव जीतने पर जे. पी. नड्डा मुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। इसी प्रकार धर्मेन्द्र प्रधान को उड़ीसा के लिए प्रोजेक्ट किया जा सकता है। चर्चा यह भी है कि क्या इन्हें अभी जिम्मेदारी से मुक्त किया जाएगा या फिर चुनाव होने के बाद।

Share This News :