Home > अपना शहर ,खास खबरे,
हमारी संस्कृति में संगीत व कला की पूजा होती है: बिसेन

ग्वालियर । हमारी संस्कृति में संस्कार, संगीत व कला की पूजा होती है। इसी भाव के साथ प्रदेश सरकार ने कला एवं संगीत की राजधानी ग्वालियर में राजा मानसिंह तोमर के नाम से संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की स्थापना की है। संगीत एवं कला को बढ़ावा देने में यह विश्वविद्यालय महती भूमिका निभा रहा है। उक्त आशय के विचार जिले के प्रभारी एवं प्रदेश के किसान कल्याण व कृषि विकास मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने व्यक्त किए। बिसेन राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के नवम् स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। 
शनिवार को यहाँ संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के स्वरांग परिसर में आयोजित हुए समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. लवली शर्मा ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय नईदिल्ली के महानिदेशक एवं विश्वविख्यात मूर्तिकार अद्वैत चरण गणनायक, ख्यातिनाम संगीतज्ञ पं. विद्याधर व्यास मुम्बई, साडा अध्यक्ष राकेश जादौन, बालाघाट जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती रेखा बिसेन व वीरेन्द्र जैन मंचासीन थे। स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री बिसेन ने कहा कि संगीत एवं कला का संरक्षण व संवर्धन का काम सरकार अकेले नहीं कर सकती। इसमें कला मर्मज्ञों व कला प्रेमियों का सहयोग जरूरी है। इसी मंशा के साथ सरकार ने राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की स्थापना की है। कला मर्मज्ञ इस विश्वविद्यालय से जुड़कर कला एवं संगीत को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय राजा मानसिंह तोमर द्वारा ईजाद की गई संगीत विधा को चिरंजीवी करने का काम कर रहा है। प्रभारी मंत्री ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय से जुड़े विद्यार्थियों एवं आचार्यों को स्थापना दिवस की बधाई दी। 
राष्ट्रीय आधुनिक संग्रहालय नईदिल्ली के महानिदेशक अद्वैत चरण गणनायक ने टेम्पल आर्किटेक्ट के माध्यम से मूर्तिकला का दर्शन विद्यार्थियों के सामने रखा। उन्होंने कहा जिस प्रकार हम प्रभु दर्शन के लिये मंदिर जाते हैं तब हमें जो अलग-अलग सुखद अनुभूति मुख्य द्वार, सभा मण्डप, नृत्य मण्डप व गर्भ गृह में होती है, वैसी ही अनुभूति कला प्रेमियों को राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय में होती है। उन्होंने अपने व्याख्यान में मूर्तिकला से संबंधित बारीकियां भी कला विद्यार्थियों को समझाईं। मुम्बई से पधारे ख्यातिनाम शास्त्रीय गायक पं. विद्याधर व्यास ने कहा कि ग्वालियर सांगीतिक घराना सबसे पुराना व आद्य घराना है। इस घराने से देश के सभी घराने प्रभावित हैं। ग्वालियर की रागदारी संगीत परंपरा का पूरी दुनिया में कोई शानी नहीं है, क्योंकि इसका आधार शास्त्रीय है। इस धरोहर को संभालने का काम राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय कर रहा है। उन्होंने कहा अल्प समय में इस विद्यालय ने पूरी दुनिया के कला प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। 
साडा अध्यक्ष राकेश जादौन ने कहा कि सौभाग्य की बात है कि स्थानीय सांसद श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के प्रयासों की बदौलत वर्ष 2008 में एक ही दिन में ग्वालियर को दो-दो विश्वविद्यालयों की सौगात मिली थी। इसमें राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय भी शामिल है। कार्यक्रम में वीरेन्द्र जैन ने भी विचार व्यक्त किए। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. लवली शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उदबोधन में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। स्वागत उदबोधन डॉ. योगेन्द्र चौबे ने दिया। आरंभ में अतिथियों ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं राजा मानसिंह तोमर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। विश्वविद्यालय की छात्र-छात्राओं एवं आचार्यों ने संगीतमय सरस्वती वंदना व विश्वविद्यालय के प्रथम कुलपति आचार्य चितरंजन ज्योतिषि द्वारा रचित कुलगीत का गायन किया। 

Share This News :