Home > अपना शहर ,
बंद नल जल योजनाओं को शुरू करायें – कमिश्नर

ग्वालियर । ग्वालियर संभाग में बंद 79 नल-जल योजनाओं को शुरू करने के निर्देश ग्वालियर संभाग के कमिश्नर एस एन रूपला ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधीक्षण यंत्री एस एल चौधरी को दिए हैं। कमिश्नर ने कहा कि कई नल-जल योजनायें कनेक्शन नहीं होने, स्थायी कनेक्शन प्राप्त नहीं होने, वोल्टेज की कमी होने, ट्रांसफार्मर जलने, मोटर पम्प खराबी से पंचायतों द्वारा संचालित न करने के कारण आदि छोटे-मोटे कारण से बंद हैं, उन्हें तत्काल शुरू कराने के प्रयास किए जाएं। कमिश्नर बुधवार को पेयजल योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।
कमिश्नर ने बताया कि शिवपुरी और ग्वालियर जिले में सर्वाधिक क्रमश: 22 और 20 योजनायें बंद हैं। अशोकनगर में 16, दतिया में 12 और गुना में 9 नल-जल योजनायें छोटे-मोटे कारणों से बंद हैं, इन्हें तत्काल शुरू किया जाए। कमिश्नर ने अधीक्षण यंत्री को निर्देश देते हुए कहा कि शिवपुरी जिले में भी वर्षा कम है। कम हुई वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए पेयजल की आपूर्ति को बनाये रखने के उद्देश्य से नलकूप खनन कार्य को प्रतिबंधित कराने के प्रस्ताव को लेकर शिवपुरी कलेक्टर और शिवपुरी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के कार्यपालन यंत्री से चर्चा करें। कमिश्नर ने कहा कि हैण्डपम्प और नल-जल योजनाओं के संधारण कार्य में भी तेजी लायें। जिन क्षेत्रों में हैण्डपम्प मैकेनिक की उपलब्धता कम है, उन ग्रामों में निजी क्षेत्र में काम कर रहे हैण्डपम्प मैकेनिकों की सेवायें ली जाएं।
समीक्षा के दौरान अधीक्षण यंत्री ने बताया कि संभाग में 938 नल-जल योजनाओं में से 859 नल-जल योजनायें चालू हैं, 35 हजार 164 कुल स्थापित हैण्डपम्पों में से 32 हजार 922 हैण्डपम्प चालू हैं। 2 हजार 239 हैण्डपम्प बंद हैं, इनमें से 268 हैण्डपम्प सुधार योग्य हैं। एक अक्टूबर 2016 से 28 फरवरी 2017 तक 2 हजार 120 हैण्डपम्पों को सुधारा गया है।

2182 हैण्डपम्पों में 11 हजार 823 मीटर राइजर पाइप बढ़ाया गया
समीक्षा के दौरान बताया गया कि ग्वालियर संभाग में पाँचों जिलों के 2 हजार 182 हैण्डपम्पों में 11 हजार 823 मीटर राइजर पाइप बढ़ाकर हैण्डपम्पों को चालू किया गया है। गुना जिले में सर्वाधिक 930 हैण्डपम्पों में 6 हजार 351 मीटर राइजर पाइप बढ़ाया है। इसी तरह ग्वालियर जिले में 524 हैण्डपम्पों में एक हजार 521, अशोकनगर जिले के 390 हैण्डपम्पों में एक हजार 260 और दतिया जिले के 52 हैण्डपम्पों में 351 मीटर राइजर पाइप बढ़ाया गया है।

Share This News :